बाराबंकी : नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व की हुई शुरुआत, हर तरफ गूंज रहे छठ के गीत, वातावरण हुआ भक्तिमय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। सूर्य उपासना के महापर्व छठ की शुरुआत शनिवार को नहाय-खाय के साथ श्रद्धा और आस्था के माहौल में हुई। व्रती महिलाओं ने स्नान-ध्यान के बाद चने की दाल, लौकी की सब्जी और चावल का प्रसाद बनाकर छठ माई को भोग लगाया और प्रसाद ग्रहण किया। घर-आंगनों में अन्न धन से भरल रहे घरवा दुअरवा...जैसे पारंपरिक लोकगीतों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बन गया।

जिलेभर में छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं। शनिवार को शहर के आवास विकास कॉलोनी स्थित बड़ा पार्क, पीएसी परिसर, नागेश्वर नाथ धाम, चिलहटा घाट, पुलिस लाइन, आलापुर, सतोखर तालाब और बंकी समेत कई स्थलों पर घाटों की साफ-सफाई कर उन्हें रंग-बिरंगी झालरों और लाइटों से सजाया गया है। 

cats

घाट किनारे पूजा स्थलों पर बनी सुशोभिता (वेदी) को रंग रोगन से सजाया संवारा गया। घरों में भी कृत्रिम घाट बनाए गये हैं। छठ महापर्व के दूसरे दिन रविवार को खरना मनाया जाएगा। इस दिन व्रती महिलाएं गन्ने के रस या गुड़ से तैयार खीर-रोटी ग्रहण कर 36 घंटे का निर्जला व्रत आरंभ करेंगी। 

उसके बाद सोमवार और मंगलवार को व्रती महिलाएं डूबते एवं उगते सूर्य को अर्घ्य देंगी। रविवार को बाजारों में भी छठ की रौनक देखने को मिली। धनोखर चौराहे समेत विभिन्न स्थानों पर पूजा सामग्री की खरीदारी को लेकर भीड़ उमड़ी रही। बांस के बने सूप और दउरा की सबसे अधिक मांग रही, जबकि फल और पूजन सामग्री की कीमतों में इस वर्ष लगभग 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई। पूर्वांचल और मिथिलांचल से जुड़े परिवार परंपरागत उल्लास के साथ इस महापर्व को मनाने की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

cats

डीएम व एसपी ने छठ पर्व की तैयारियों का लिया जायजा

सिरौलीगौसपुर: जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के साथ आगामी छठ पर्व के मद्देनजर तहसील सिरौलीगौसपुर स्थित तेलवारी-करोनी घाघरा घाट का निरीक्षण किया। इस अवसर पर एसडीएम सिरौलीगौसपुर, सीओ रामसनेहीघाट और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि इस घाट पर प्रतिवर्ष लगभग 3000 श्रद्धालु सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। 

cats

जिलाधिकारी ने सभी घाटों पर सफाई, प्रकाश, पेयजल और महिलाओं के लिए पृथक चेंजिंग रूम की समय पर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षित मार्ग, फिसलन रोकने के उपाय और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को घाटों पर चिकित्सा टीम और एंबुलेंस तैनात रखने के निर्देश दिए, जबकि पुलिस अधीक्षक ने भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और गोताखोर दल की तैनाती सुनिश्चित करने पर बल दिया। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ छठ पर्व की तैयारियों की समीक्षा की और कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सौहार्दपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन का दायित्व है।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज