लखनऊ : रिटायर्ड डीजीपी की साइबर ठग ने फेसबुक पर बनायी जाली आईडी, परिचितों को संदेश भेजकर मांगे रुपये
साइबर सेल में शिकायत के बाद गोमतीनगर विस्तार थाने में रिपोर्ट दर्ज
लखनऊ, अमृत विचार। सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक सुलखान सिंह की तस्वीर का उपयोग कर किसी अज्ञात व्यक्ति ने फेसबुक पर फर्जी पहचान बनाई। इस नकली आईडी के माध्यम से उनके परिचितों को संदेश भेजकर रुपये की मांग की जा रही थी। जानकारी होने पर उन्होंने गोमतीनगर विस्तार थाने में शिकायत दर्ज कराई।
गोमतीनगर विस्तार के सेक्टर-4 स्थित हेस्तिया अपार्टमेंट निवासी सुलखान सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया मॉनीटरिंग के दौरान उन्हें फेसबुक पर उनकी फोटो लगी एक फर्जी आईडी दिखाई दी। इस दौरान परिचितों की कॉल आयी और पता चला कि मैसेंजर पर उनके नाम से रुपये मांगे जा रहे हैं। जालसाज ने स्वयं को सुलखान सिंह बताकर सहायता के नाम पर धनराशि मांगने का प्रयास किया।
सुलखान सिंह ने 24 अक्टूबर को थाने में लिखित शिकायत दी और फर्जी फेसबुक आईडी का यूआरएल भी पुलिस को सौंपा। उन्होंने बताया कि इस हरकत से उनकी छवि प्रभावित हो रही है। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार अवस्थी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर अपराध प्रकोष्ठ की मदद से जांच शुरू कर दी है। टीम अब उस आईडी से जुड़े इंटरनेट प्रदाता और आईपी पते का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
