Lucknow News: बलरामपुर अस्पताल को पांच वर्ष से एमआरआई का इंतजार

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

एमआरआई के लिए भवन बनकर तैयार

लखनऊ, अमृत विचार: बलरामपुर अस्पताल को एमआरआई मशीन का इंतजार है, जबकि इसके लिए भवन का निर्माण पाँच साल पहले ही पूरा कर लिया गया था। भवन में ताला लगा हुआ है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मशीन की खरीद प्रक्रिया मेडिकल कॉर्पोरेशन के माध्यम से की जा रही है और जल्द ही मशीन स्थापित कर दी जाएगी।

राजधानी के किसी भी सरकारी अस्पताल में एमआरआई जांच की सुविधा नहीं है। इसके लिए मरीजों को केजीएमयू भेजा जाता है, जहां पहले से ही लंबी वेटिंग होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इमरजेंसी के मरीज कई बार निजी केंद्रों से जांच कराने को मजबूर हैं।

जिले का बलरामपुर अस्पताल सबसे बड़ा जिला अस्पताल है। 750 बेड वाले इस अस्पताल की ओपीडी में रोजाना करीब चार से पांच हजार मरीज इलाज के लिए आते हैं। इनमें भर्ती और ओपीडी मिलाकर प्रतिदिन 10 से 15 मरीजों को एमआरआई की आवश्यकता पड़ती है।

अस्पताल की मांग पर शासन ने एमआरआई मशीन स्थापित करने की मंजूरी दी थी। वर्ष 2020 में लगभग 18 लाख रुपये की लागत से एमआरआई भवन तैयार कराया गया था। उस समय अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि मशीन जल्द उपलब्ध कराई जाएगी, लेकिन पांच साल बाद भी भवन उपयोग में नहीं आ सका।

सीएमएस डॉ. हिमांशु ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद मशीन की आपूर्ति और स्थापना की जाएगी।

संबंधित समाचार