महिला टी-20 क्रिकेट की जंग आज से... इकाना स्टेडियम में पहले दिन खेले जाएंगे तीन मैच
4 नवंबर तक होगा प्रतियोगिता का आयोजन
लखनऊ, अमृत विचार: अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में स्टेडियम में रविवार से महिला टी-20 ट्रॉफी के लिए टीमों के बीच जंग शुरू होगी। 15 मैचों के बाद 4 नवंबर को खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। कल तीन मैच खेले जाएंगे। पहले मुकाबले में मिजोरम से नागालैंड, दूसरे में मेघालय से सिक्किम और तीसरे में अरुणाचल प्रदेश से मणिपुर टीम भिड़ेगी।
यूपी क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के अधिकारियों ने बताया कि इकाना स्टेडियम में रविवार से शुरू होने वाली प्रतियोगिता के लिए शनिवार को तैयारियां पूरी कर ली गईं। सभी छह टीमों की खिलाड़ियों ने नेट प्रैक्टिस और वार्म-अप सत्र में जमकर पसीना बहाया। प्रतियोगिता में अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, नागालैंड, मेघालय, मणिपुर और सिक्किम की टीमें हिस्सा ले रही हैं। दर्शकों के लिए प्रवेश और सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम भी पूरे कर लिए गए हैं। खिलाड़ियों को भी बेहतर सुविधाएं और अनुकूल माहौल देने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
