रंजिश में हिस्ट्रीशीटर को मारी गोली, सरेठी पटखौली गांव के पास की घटना, लखनऊ रेफर

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

अयोध्या कोतवाली अंतर्गत दर्शननगर-रसूलाबाद मार्ग पर सरेठी पटखौली गांव के पास की घटना

अयोध्या, अमृत विचार: कोतवाली अयोध्या अंतर्गत सरेठी पटखौली गांव में एसयूवी व बाइक सवार लोगों ने हिस्ट्रीशीटर को गोली मारकर हत्या करने का प्रयास किया। घायल को दर्शननगर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। गोली उसके जांघ में लगी है। पीड़ित के भाई ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।

थाना पूराकलंदर के दतिया अंजना निवासी संदीप मिश्र (30) थाना पूराकलंदर का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसकी गांव निवासी व पट्टीदार अनिल मिश्र के साथ रंजिश चल रही है। शनिवार को बाइक से अपने घर जा रहा था। शाम करीब पांच बजे कोतवाली अयोध्या के दर्शननगर-रसूलाबाद मार्ग पर सरेठी पटखौली गांव के पास एसयूवी व बाइक सवार अनिल मिश्र समेत अन्य चार-पांच लोगों ने उसे रोक लिया। पहले दोनों में बहस हुई। आरोप है कि बाइक सवार रवि पाठक ने उसे गोली मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस व स्थानीय लोग उसे दर्शननगर स्थित मेडिकल कॉलेज ले गए। घटना की जानकारी होने पर एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, अयोध्या कोतवाल मनोज कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे व जांच पड़ताल की। कोतवाल ने बताया कि दोनों पक्षों में पुरानी दुश्मनी थी।जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।

गांव के ही चार लोगों के खिलाफ दी तहरीर

-मामला आपसी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। घायल के भाई कुलदीप मिश्रा ने पुलिस को दी तहरीर में गांव दतिया अंजना निवासी रवि पाठक, गोलू पाठक, अनिल मिश्र व मयंक सिंह के खिलाफ भाई की हत्या करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि घायल संदीप व अनिल मिश्र के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा था। दीपावली के दिन भी दोनों पक्ष में कहासुनी हुई थी, मामले में पुलिस ने दोनों के खिलाफ शांति भंग की आशंका में चालान भी किया था।

संबंधित समाचार