रेल यात्री के साथ गलत हुआ : रिजर्वेशन था फिर भी टीटीई ने बिना टिकट बताकर ट्रेन से उतारा, बस इतनी थी चूक
बरेली, अमृत विचार। रेलवे आरक्षण केंद्र पर हुई एक छोटी सी गलती ने एक यात्री के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी कर दी। ट्रेन के अंदर शुक्रवार को एक पुरुष यात्री को उस समय परेशानी झेलनी पड़ी, जब उसके रिजर्वेशन टिकट पर लिंग के स्थान पर महिला प्रिंट हो गया। ट्रेन में चेकिंग के दौरान यह बात सामने आने पर टीटीई ने टिकट को संदिग्ध मानते हुए यात्री को जीआरपी के हवाले कर दिया।
अयोध्या निवासी दुर्गेश चौरसिया शुक्रवार को लखनऊ से रेलवे आरक्षण केंद्र से टिकट लेकर मुजफ्फरनगर जाने के लिए 14241 नौचंदी एक्सप्रेस में सवार हुए। इनका पीएनआर नंबर 2144256119 था। टीटीई की ओर से टिकट जांचने पर उन्होंने बताया कि उनके पास वेटिंग का टिकट है, इसी आधार पर कोई सीट उन्हें आवंटित कर दी जाए।
जब टीटीई ने टिकट देखा तो नाम पुरुष का और लिंग महिला दर्ज देखकर शक हुआ। पूछताछ के दौरान दुर्गेश चौरसिया ने पहचान पत्र दिखाया, पर टीटीई ने टिकट में गड़बड़ी का हवाला देते हुए उन्हें शाहजहांपुर स्टेशन पर जीआरपी के हवाले कर दिया। दुर्गेश का आरोप है कि जीआरपी थाने में उनके साथ बदसलूकी की गई।
रेल मदद एप पर दुर्गेश की ओर से शिकायत करने पर फीडबैक में रिप्लाई आया कि आपके द्वारा दिखाए गए टिकट की सीट दुर्गेश चौरसिया के नाम पर आरक्षित है, जो एक महिला है, जबकि आप पुरुष हैं। मामले की जानकारी होने पर उन्होंने संबंधित के खिलाफ कार्रवाई का अनुरोध किया।
