Bareilly : प्रेमी के घर के बाहर प्रेमिका ने खाया जहर...आठ साल तक किया शोषण, अब निकाह से मुकरा
बरेली, अमृत विचार। बारादरी थाना क्षेत्र में एक युवक ने एक युवती का निकाह का झांसा देकर आठ साल तक शोषण किया। जब प्रेमिका प्रेमी के घर निकाह की बात करने के लिए पहुंची तो प्रेमी की मां ने उसके साथ मारपीट की और उसे धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया। इससे आहत होकर युवती ने प्रेमी के घर के बाहर ही जहरीला पदार्थ खा लिया। युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पिता की तहरीर पर प्रेमी कासिम, उसके पिता जाहिद और मां जकिया बी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले के रहने वाले कासिम के युवती से पिछले आठ साल से प्रेम संबंध थे। युवक ने निकाह का झांसा देकर लगातार युवती का शारीरिक शोषण किया। इस बीच वह दुबई काम करने चला गया। कुछ दिन पहले ही वह वापस लौटा तो युवती ने निकाह की बात कही, लेकिन कासिम ने साफ कहा कि निकाह तभी करेगा जब दहेज में 10 लाख रुपये और स्पोर्ट्स बाइक मिलेगी। परिजनों ने जब मांग पूरी करने से इनकार किया तो कासिम ने निकाह करने से मना कर दिया।
शनिवार को युवती निकाह की बात करने प्रेमी के घर पहुंची तो प्रेमी की मां जकिया बी ने उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया। इससे आहत होकर युवती ने कासिम के दरवाजे के सामने ही जहरीला पदार्थ निगल लिया। कुछ ही देर में वह सड़क पर तड़पने लगी। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी परिवार को दी। आनन-फानन में परिजन युवती को जिला अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने बताया कि उसकी हालत गंभीर है।
