बदायूं: ठेकेदार ने फोन पर की अभद्रता तो आहत युवक ने फंदा लगाकर दी जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। जरीफनगर थाना क्षेत्र के एक गांव के जंगल में युवक का शव फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने नोएडा के एक ठेकेदार पर युवक के रुपये न देने और रुपये मांगने पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। परिजनों का आरोप है कि ठेकेदार के अभद्रता करने की वजह से युवक ने जान दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मौत के बाद परिजनों में चीत्कार मचा है।

जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव समसपुर मलिक फत्ता निवासी भूरे (22) पुत्र कल्यान नोएडा में रहकर ठेकेदार के अंडर में मजदूरी करते थे। दो दिन पहले वह घर लौटे थे। 25 अक्टूबर की रात को भूरे का शव गांव के जंगल में एक पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर रोते बिलखते परिजन पहुंचे। अगले दिन सुबह पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने तहरीर देकर नोएडा निवासी ठेकेदार पर आरोप लगाए। 

परिजनों के अनुसार ठेकेदार ने एक महीने पहले भूरे का ट्रैक्टर मिट्टी के काम के लिए 40 हजार रुपये प्रति माह के हिसाब से लिया था। ठेकेदार ने भूरे को अपनी पुरानी गाड़ी किराए पर चलाने को दे दी थी। ठेकेदार भूरे को रुपये देने का वादा करता रहा लेकिन रुपये नहीं  दिए। 23 अक्टूबर को घर आकर भूरे ने परिजनों को यह बात बताई थी। परिजनों ने ठेकेदार को फोन करके रुपये खाते में डालने को बोला था। ठेकेदार ने फोन पर भूरे और उनके परिजनों से अभद्रता की। परिजनों का आरोप है कि ठेकेदार की अभद्रता से परेशान होकर भूरे ने फंदा लगाकर जान दी है।

संबंधित समाचार