Moradabad : वर्जिनिटी सर्टिफिकेट मामला...मदरसे पहुंची प्रशासनिक टीम, पांच संस्थाओं के दस्तावेज जब्त
मुरादाबाद, अमृत विचार। मदरसे में पढ़ने वाली चंडीगढ़ निवासी कक्षा 8 की छात्रा के परिजनों से वर्जिनिटी सर्टिफिकेट मांगे जाने के मामले ने जोर पकड़ लिया है। पुलिस कार्रवाई के बाद अब प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। शनिवार को डीएम के निर्देश पर एसडीएम सदर राममोहन मीणा के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम मदरसे पहुंची। हालांकि एसडीएम सदर को मदरसा संचालक के मौजूद न होने के कारण जांच किए बिना ही ही लौटना पड़ा। डीआईओएस और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने मदरसे में संचालित संस्थाओं से संबंधित दस्तावेज जब्त कर लिए हैं।
डीएम अनुज सिंह ने मदरसा जामिया असानुल बनात गर्ल्स में छुट्टी से लौटी छात्रा के परिजनों से छात्रा वर्जिनिटी सर्टिफिकेट मांगने के मामले में जांच बैठाई है। शनिवार को जांच टीम का नेतृत्व कर रहे एसडीएम सदर राममोहन मीणा, जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार पांडेय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी संभल दिलीप कुमार जांच के लिए पहुंचे। जहां काफी देर तक कोई मदरसे में कोई जिम्मेदार नहीं मिला। जिसके बाद एसडीएम सदर बिना जांच पड़ताल लौट गए। डीआईओएस देवेंद्र कुमार पांडेय और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार मौजूद रहे। काफी देर बाद सेकेट्री अरबाब शम्सी पहुंचे। उनके चेहरे के रंग उड़ दिखाई दे रहे थे।
अधिकारियों ने प्रबंध तंत्र से पूछताछ की। सचिव अरबाब शम्सी ने टीम को दस्तावेज दिखाए। अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि अब तक जांच में यह सामने आया कि मदरसे परिसर में जेएबी कन्या इंटर कॉलेज, ए.आई.ए. एजुकेशनल सोसाइटी और ए.आई.ए. दावा एकेडमी के अलावा दो संस्थाएं संचालित है। सभी संस्थाओं के कागजात जांच के लिए लिए गए हैं। कुछ कागज मदरसा स्वामी के अनुसार जेल जाने वाले एडमिशन सेल इंचार्ज शाहजहां के पास है। जिन्हें मांगा गया है।
अब तक दिखाए गए संस्थाओं संबंधित कागज के मुताबिक सभी संस्थाओं की मान्य पूरी पाई गई। कागजों के सत्यापन और डीएम के निर्देश के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। जांच टीम देर शाम तक मदरसे में मौजूद रही। जिला प्रशासन का कहना है कि किसी भी छात्रा या परिजन के साथ अनुचित व्यवहार या जबरन दस्तावेज मांगने की शिकायत गंभीर मामला है। यदि आरोप सत्य पाए जाते हैं तो संस्थान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मदरसा बंद होने से अन्य छात्राएं परेशान
मदरस के सेक्रेट्री अरबाब ने बताया कि मदरसा बंद करने के फरमान से मदरसे में पढ़ने वाली अन्य छात्राएं भी परेशान हैं। शनिवार को मदरसे में पढ़ाने वाली संभल की छात्रा के परिजन छात्रा को लेने पहुंचे, जहां गेट पर मौजूद चौकीदार ने मदरसा बंद होने बात कह उन्हें अंदर घुसने से मना कर दिया। परिजन कब खुलने की बात पूछते रहे लेकिन चौकीदार कुछ बताने को तैयार नहीं था।
