Video : सरकारी अस्पताल में नर्स की बड़ी लापरवाही, प्रसुता को चढ़ाया एक्सपायरी ग्लूकोज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। काकोरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसुता को एक्सपायरी ग्लूकोज चढ़ाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि नर्स द्वारा एक्सपायरी ग्लूकोज चढ़ाने के बाद प्रसूता की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद चिकित्सक ने महिला को क्वीन मेरी अस्पताल रेफर कर दिया है। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें नाराज परिजन आरोपित महिला स्वास्थ्य कर्मी से उसका नाम पूछते हुये नजर आ रहे हैं।

दरअसल, नरौना गांव निवासी गर्भवती महिला सीएचसी काकोरी में भर्ती थी, शनिवार को महिला की सर्जरी हुई। सर्जरी के बाद प्रसूता और नवजात शिशु दोनों की हालत ठीक थी। रविवार सुबह महिला को नर्स ने एक्सपायरी ग्लूकोज चढ़ा दिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। बाद में महिला को क्वीन मेरी अ्स्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं इस घटना पर परिजन आक्रोशित हो उठे और उन्होंने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझाने की कोशिश की है, लेकिन परिजन आरोपित स्वास्थ्य कर्मी पर कार्रवाई की मांग पर अड़े हुये थे। परिजनों ने तो यहां तक आरोप लगाया है कि अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों को भी एक्सपायरी ग्लूकोज चढ़ाया गया है। 

अस्पताल के अधीक्षक डॉ. केडी मिश्रा ने बताया कि महिला के परिजन नीरज श्रीवास्तव ने शिकायत की है, उनकी शिकायत सही पाई गई है। जांच में स्टाफ नर्स की गलती सामने आई है। स्टाफ नर्स पर उचित कार्रवाई की जायेगी।

यह भी पढ़ें : अंधविश्वास के चक्कर में खूनी खेल : मिर्जापुर में मां ने दो बेटों को गला घोंटकर मारा, खुद भी किया सुसाइड

संबंधित समाचार