अयोध्या : दीपोत्सव में आमंत्रण न मिलने पर सपा सांसद ने जताई नारजगी, कहा- सरकार कर रही दलितों का उत्पीड़न
काकोरी में दलित पर हुए अत्याचार पर सरकार पर साधा निशाना
अयोध्या, अमृत विचार। लखनऊ के काकोरी में दलित व्यक्ति के साथ हुई अमानवीय घटना पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने भाजपा और आरएसएस कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि भाजपा सरकार दलितों का उत्पीड़न कर रही है।वह रविवार को सिविल लाइंस स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी होने पर मैं वहां गया था व सत्याग्रह भी किया। कहा कि भाजपा के इस जुल्म के खिलाफ 16 नवंबर को वीरांगना ऊदा देवी पासी के शहीद दिवस पर जिले पर आयोजित कार्यक्रम में आंदोलन का ऐलान किया जाएगा।
उन्होंने दीपोत्सव में आमंत्रण न मिलने पर नाराजगी जताई। कहा कि इस कार्यक्रम में सिर्फ बड़े-बड़े कारोबारियों को ही बुलाया गया। मुझे क्यों नहीं बुलाया गया, इसका जवाब भाजपा के जनप्रतिनिधियों व प्रशासन से पूछिए। राममंदिर में 25 नवंबर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में निमंत्रण मिलने के सवाल पर कहा कि यदि निमंत्रण मिला तो जरूर जाएंगा।
