कानपुर : छात्र को घेर लाठी-डंडे और चापड़ से हमला, आंते बाहर, दो उंगलियां कटी, लगे 14 टांके
बीमार मां की दवा लेने निकला थ युवक, डॉक्टर ने जोड़ी उंगलियां, आईसीयू में भर्ती
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर के रावतपुर में शनिवार देर रात दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और चापड़ चले। चापड़ के हमले में घायल एक युवक की हालत गंभीर बनी है। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक के सिर पर 14 टांके लगे, अंगूठा कट गया और पेट में चापड़ लगने से उसकी आंतें तक बाहर निकल आईं।
पुलिस ने चापड़ से हमला करने वाले मेडिकल स्टोर संचालक के पिता की तहरीर पर घायल के खिलाफ ही फिलहाल अभी रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं मौके पर खड़ी एक कार में पिस्टल भी मिली है। रावतपुर थाना प्रभारी के अनुसार मारपीट की जांच की जा रही है।
केशवपुरम निवासी 22 वर्षीय अभिजीत सिंह चंदेल एलएलबी प्रथम वर्ष का छात्र है। उसके पिता अनिल सिंह ने बताया कि शनिवार रात नौ बजे बेटा अपनी बीमार मां नीलम की दवा लेने के लिए निकला था। दवा की तलाश में वह घर से करीब एक किमी दूर चला गया। वहां दवा लेने के दौरान किसी बात पर उसका मेडिकल स्टोर संचालक अमर सिंह व विजय सिंह से विवाद हो गया।
पिता के अनुसार उन दोनों के बेटे से गाली-गलौज करने पर उनके साथी प्रिंसराज श्रीवास्तव, निखिल तिवारी ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इसी बीच विजय सिंह मेडिकल स्टोर से चापड़ उठा लिया और अभिजीत पर वार किया। चापड़ के हमले में अभिजीत का अंगूठा व उंगली कट गई। सिर में भी गंभीर घाव है। भागने का प्रयास करने पर आरोपियों ने घेरकर पकड़ लिया और फिर जमकर पीटते हुए जान से मारने के इदारे से पेट पर चापड़ से वार किया। उसकी आंतें बाहर निकल आई।
अभिजीत मौके पर मरणासन्न हालत में पड़ा रहा। खबर पाकर उसके परिजन पहुंचे और तत्काल बेदम अभिजीत को निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत देखकर भर्ती करने से मना कर दिया। इस पर पिरजनों ने उसे रीजेंसी में भर्ती कराया है। जहां अभिजीत की हालत नाजुक बनी है। चौकाने वाली बात यह है कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने सबसे पहले मेडिकल स्टोर संचालक की तहरीर पर घायल अभिजीत के ही खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
मेडिकल स्टोर संचालक विजय सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी दुकान के सामने जुआ खेल रहे सौरभ ठाकुर और अभिजीत समेत कई युवकों ने पानी मांगा तो उन्होंने मना कर दिया। इस पर वह गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समपी में ही खड़ी कार से एक पिस्टल बरामद किया हैं। पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक के भाई अमर सिंह की तहरीर पर घायल अभिजीत, सौरभ समेत कई युवकों पर रंगदारी मांगने व लूट की रिपोर्ट दर्ज की है।
दो घंटे चला युवक का ऑपरेशन
अभिजीत के परिजनों के अनुसार उसका करीब दो घंटे ऑपरेशन चला। आंत अंदर करने के साथ सिर पर 14 टांके लगाए गए हैं। कटी हुई दोनों उंगलियों को जोड़ा गया। एडीसीपी पश्चिम कपिल देव सिंह ने बताया कि दो पक्षों में विवाद हुआ था। पहले एक पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। बाद में दूसरे पक्ष के युवक की हालत गंभीर होने का पता चला। इस पर उसकी तहरीर पर भी रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार दूसरे पक्ष के लोगों को भी हिरासत में लिया गाय है।
