काकोरी सीएचसी में प्रसूता को चढ़ाया एक्सपायरी ग्लूकोज, हालत बिगड़ने पर किया क्वीनमेरी रेफर, परिजनों ने किया हंगामा
लखनऊ/काकोरी, अमृत विचार: काकोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में सिजेरियन प्रसव के बाद भर्ती प्रसूता को एक्सपायरी ग्लूकोज चढ़ा दिया गया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। प्रसूता को गंभीर हालत में केजीएमयू के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग (क्वीनमेरी) में भर्ती कराया गया है। घटना से आक्रोशित परिजनों ने सीएचसी में हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा कर शांत कराया। अन्य तीन मरीजों को भी एक्सपायर ग्लूकोज की बोतल लगाने का भी आरोप है। सीएमओ ने मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी बनाई है। कमेटी ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं।
सीएमओ का कहना है कमेटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। इस काकोरी के नरौना गांव निवासी काजोल को प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी में भर्ती कराया था। शनिवार सुबह 11 बजे गर्भवती ने सिजेरियन ऑपरेशन से बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद उसे प्रसूता को वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था। जेठ नीरज श्रीवास्तव ने बताया रविवार सुबह 4 बजे प्रसूता की अचानक हालत बिगड़ने लगी तो देखा गया कि उसे एक्सपायरी ग्लूकोज चढ़ाया जा रहा है। मुंह से झाग निकलते देख परिजन घबरा गए और शोर मचाने लगे। आनन-फानन स्टाफ ने इंजेक्शन लगाया। हालत में सुधार नहीं हुआ। अस्पताल प्रशासन ने प्रसूता को एंबुलेंस से क्वीन मेरी अस्पताल में शिफ्ट कराया। जहां इलाज के बाद प्रसूता की हालत खतरे से बाहर है।
काजोल के जेठ नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि वार्ड में भर्ती अन्य तीन मरीजों को भी एक्सपायरी ग्लूकोज की बोतल लगाई जा रही थी। परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो वह भी हंगामा करने लगे। लापरवाही से गुस्साएं परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। मामले की जानकारी सीएचसी अधीक्षक को दी गई। अधीक्षक मौके पर पहुंचे और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सीएचसी प्रभारी डॉ. केडी मिश्रा ने बताया प्रसूता को एक्सपायरी ग्लूकोज की बोतल चढ़ी थी बाकी अन्य मरीजों को नहीं चढ़ी थी। बताया मामले की जांच कराकर सख्त कार्रवाई होगी। वहीं, पीड़िता के जेठ ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर दोषी स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय जांच कमेटी बनाई है। इसमें अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल श्रीवास्तव व डॉ. ज्योति को जांच सौंपी गई है। कमेटी ने रविवार सुबह सीएचसी पहुंचकर ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्स शांति, डॉ. सोमा जैन और रात्रि ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अरविंद के बयान दर्ज किए है। टीम जल्द ही अपनी पूरी रिपोर्ट सौंपेगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित डॉक्टर व नर्स के खिलाफ कार्रवाई होगी।
-डॉ. एनबी सिंह, सीएमओ
