UP : सपा सांसद बर्क बोले...आई लव मोहम्मद विवाद बीजेपी की चुनावी साजिश
संभल,अमृत विचार। सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कहा कि आई लव मोहम्मद बीजेपी द्वारा चुनाव से पहले माहौल भड़काने और लोगों के बीच धर्म के नाम पर नफरत फैलाने की कोशिश है। सांसद ने कहा कि उनकी आस्था उनके दिल में है और उसे किसी को दिखाने की जरूरत नहीं है।
पत्रकारों से बातचीत में सांसद बर्क ने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच की जाए तो इसमें मुसलमान शामिल नहीं निकलेंगे। मुस्लिम समाज कभी किसी अन्य धर्म की आस्था को ठेस नहीं पहुंचाता। हम अपने धर्म का सम्मान करते हैं, लेकिन साथ ही दूसरों के धर्म का भी आदर करते हैं।
उन्होंने सभी समुदायों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि लोग किसी भी नाम पर आपस में न लड़ें, क्योंकि इससे देश और समाज दोनों का नुकसान होता है। सांसद ने कहा कि हर व्यक्ति को अपने धर्म पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए और किसी की आस्था को चोट नहीं पहुंचानी चाहिए।
कहा कि आने वाले समय में ऐसे निर्णय लिए जाने चाहिए जो कौम और देश दोनों के हित में हों। बर्क ने कहा कि मजहब को राजनीति से जोड़ना बेहद खतरनाक है और इससे समाज में फूट पड़ती है।
