वाराणसीः छठ महापर्व पर गंगा घाटों पर वाटर बैरिकेडिंग और ड्रोन से निगरानी
वाराणसी। धार्मिक नगरी काशी में छठ महापर्व के लिए सड़कों से लेकर गंगा घाटों तक व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। गंगा घाटों पर एनडीआरएफ, जल पुलिस, पीएसी और गोताखोरों की तैनाती की गई है। साथ ही, गहरे पानी से सुरक्षा के लिए गंगा में वाटर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि छठ पर्व के मद्देनजर गंगा घाटों का व्यापक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित तैयारियों को सुनिश्चित किया गया है। नमो घाट, अस्सी घाट से लेकर रविदास घाट तक पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और उपस्थित श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की गई। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर सादे वस्त्रों में महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। घाटों और पूजा स्थलों पर भीड़ प्रबंधन के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था की गई है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। सुगम यातायात व्यवस्था के लिए घाटों और छठ पूजा स्थलों के आवागमन मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन प्लान, नो-एंट्री व्यवस्था और अस्थायी पार्किंग की सुविधा सुनिश्चित की गई है।
