लखीमपुर खीरी: सड़क पर खड़ी ट्रॉली से टकराकर बाइक सवार दो युवकों की मौत
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना शारदानगर के टिप्पनपुरवा गौढ़ी के पास रविवार की रात बड़ा हादसा हो गया। थाना खीरी क्षेत्र से बाइक की सर्विस कराकर लौट रहे बाइक सवार दो युवकों की सड़क पर खड़ी ट्राली से टकराकर मौत हो गई। इससे मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर दोनों शव परिवार वालों को सौंप दिए हैं।
हादसा रात करीब आठ बजे हुआ। सीतापुर जिले के थाना लहरपुर क्षेत्र के गांव गरकटिया निवासी उमाशंकर का 25 वर्षीय बेटा विनीत कुमार बीते दिनों खीरी जिले के थाना शारदानगर क्षेत्र के गांव सुरजीपुरवा निवासी खुशीराम के 28 वर्षीय बेटे अपने साढू पंकज के घर आया था। रविवार को दोनों बाइक की सर्विस कराने थाना खीरी के कस्बा नकहा आए थे।
सर्विस कराकर वापस जाते समय उनकी बाइक टिप्पनपुरवा गौढ़ी मझरा के पास सड़क पर खड़ी ट्राली से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज हुई कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही दोनों के परिवारों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर दोनों शव परिवार वालों को सौंप दिए हैं।
