Ayodhya News: मां ज्वाला रत्न से सम्मानित पांच विभूतियां, Maa Jwala Mahotsav में भक्ति और संस्कृति का दिखा अनोखा संगम

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

अयोध्या, अमृत विचार: मां ज्वाला महोत्सव के तीसरे और अंतिम दिन कार्यक्रम का शुभारंभ तेजस्विनी के मधुर गायन से हुआ। नवल किशोरी ने मां के ममता भाव, महिषासुर मर्दिनी, मां दुर्गा, मां काली और शबरी मां के विविध स्वरूपों के माध्यम से मां शक्ति का दिव्य वर्णन किया। कहा कि मां से ही संस्कारों का निर्माण संभव है। फिर भारत मां की आरती की गई।

इसके बाद पं. ज्वाला प्रसाद शोध संस्थान के निदेशक डॉ. सत्य प्रकाश मिश्रा के भजनों की प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिरस में डुबो दिया। कलाकार प्रकृति यादव और उनके दल ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। महोत्सव में उत्कृष्ट कार्य के लिए पाँच विभूतियों आईएएस परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले हिमांशु मोहन, चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. रामजी वर्मा, संगीत के क्षेत्र में गयादीन साजन, शिक्षा के क्षेत्र में शीतला प्रसाद यादव को मां ज्वाला रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान ने कहा कि मां ज्वाला फाउंडेशन से आयोजित महोत्सव केवल भक्ति का नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने वाला आयोजन है। इससे समाज में एकजुटता के साथ सामाजिक विकास होगा। भाजपा जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार पांडे खून्नू ने कहा कि यह महोत्सव आने वाले वर्षों में प्रदेश स्तर पर अपनी विशेष पहचान बनाएगा। अध्यक्ष प्रवीण सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महोत्सव की प्रस्तुतियों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन और सार्थक परिणाम की उम्मीद है।

कार्यक्रम में विदेश संपर्क विभाग भाजपा के क्षेत्रीय संयोजक इंजीनियर रवि तिवारी, कोचिंग संस्थान के प्रबंधक संतोष मिश्रा, राघवेंद्र प्रताप सिंह अनूप, राधेश्याम त्यागी सहित बड़ी संख्या लोग मौजूद रहे।

संबंधित समाचार