Sitapur News: नर्तकियों से की थी लूट, मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
24 घंटे के भीतर लूट का आरोपी चढ़ा एसओजी टीम के हत्थे, कार, नकदी, असलहा-कारतूसें बरामद
सीतापुर, अमृत विचार: नर्तकियों की कार को रोककर गहने-नकदी लूटने वाले शातिर को सीतापुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल 25 हजार के इनामी के साथ कार और असलहा-कारतूसें बरामद हुईं। सदरपुर इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान शातिर का एक साथी भाग निकला, जिसकी तलाश में एक टीम लखीमपुर खीरी और दूसरी बहराइच भेजी गई है।
14.png)
दरअसल, 24 घंटे पहले रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के सरैयां गांव से नर्तकियां एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कार से जा रही थीं, सदरपुर इलाके के रुसहन गांव के नजदीक पेड़ की डाल काटकर सभी से लूटपाट हुई, बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए कार के शीशे तोड़े और फायरिंग भी की। गंभीर प्रकरण में एसपी अंकुर अग्रवाल ने एसओजी टीम को जिम्मेदारी दी। सटीक इनपुट के बाद मंगलवार तड़के इंस्पेक्टर सतेंद्र विक्रम सिंह के नेतृत्व में एसओजी टीम ने घेराबंदी की। हमराह सदरपुर पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई। जवाबी फायरिंग में गोली लगने से एक शातिर पकड़ा गया।
एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि पकड़े गए 25 हजार के इनामी की पहचान थानगांव थानाक्षेत्र के राजापुर इसरौली निवासी श्रीचंद यादव उर्फ संजय पुत्र गोविंद के रूप में हुई। बताया कि मौके से एक शातिर भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में टीमें लगाई गई हैं। बदमाश के कब्जे से कार, नकदी और असलहा-कारतूसें बरामद हुई हैं, पूछताछ में शातिर ने लूट की वारदात को किये जाना स्वीकार किया है। शातिर के पुराने रिकार्डों को खंगाला जा रहा है। घायल को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
