पीलीभीत: केंद्र पर किसान न कोई कागजात, प्रभारी करा रहे थे तौल..अफसरों ने लगाई फटकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार।  धान खरीद की अधिकारियों ने निरीक्षण कर हकीकत परखी। पीसीयू के मंडी समिति पीलीभीत में स्थापित चार क्रय केंद्रों पर पहुंचते ही अव्यवस्थाएं उजागर हो गई और अफसरों ने जमकर फटकार लगाई। बिना किसान और कागजात के क्रय केंद्र प्रभारी धान की तौल करा रहे थे। संदेह की स्थिति बनी तो एफआईआर की चेतावनी दे डाली। हालांकि कुछ देर बाद एक किसान के पहुंचने पर उसी का धान बताया गया।  डिप्टी आरएमओ ने पीयीयू के जिला प्रबंधक को चारों क्रय केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्था दुरुस्त कराने और स्टॉक की जांच कराने के निर्देश दिए। इसकी रिपोर्ट भी तलब की गई है।

मंगलवार सुबह डिप्टी आरएमओ वीके शुक्ला, मंडी सचिव प्रवीण कुमार अवस्थी टीम के साथ क्रय केंद्रों का निरीक्षण करने पहुंचे। एक क्रय केंद्र पर धान की तौल बंद थी और केंद्र प्रभारी नदारद थे। मौजूदा कर्मचारियों ने बताया कि सुबह एक ट्रॉली धान की तौल हो चुकी है। किसी काम से अभी कुछ देर पहले ही क्रय केंद्र प्रभारी चले गए थे। इस पर अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई। मौसम खराब होने का हवाला देते हुए धान की तौल तेजी से करने के निर्देश दिए। फिर कुछ देर बाद क्रय केंद्र के प्रभारी भी आ गए और वाहन से जुढ़े कार्य से जाने की बात कही। 

इस पर उन्हें दोबारा लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी गई। दूसरे क्रय केंद्र पर तौल के दौरान लापरवाही पर फटकार लगाई। इसके बाद चार नंबर टिनशेड की तरफ अधिकारी पहुंचे। यहां पर पीसीयू के केंद्र नंबर 11 पर धान की तौल चल रही थी। मगर, यहां पर कोई किसान मौजूद नहीं था। जब केंद्र प्रभारी से धान से जुड़े कागजात मांगे गए तो वह भी उनके पास नहीं थे। ऐसे में बिचौलिये का धान होने का संदेह भी गहराया। जिसके बाद कार्रवाई की चेतावनी देते हुए फटकारा। हालांकि बाद में एक किसान पहुंचा और कागजात दिखा अपना धान बताया। इसी से सटे पीसीयू क्रय केंद्र नंबर आठ और नौ पर भी अव्यवस्थाएं मिली। यहां बोरियों पर छापा (मोहर) नहीं लगाई जा रही थी। इसके क्रय केंद्र प्रभारी को भी चेतावनी दी गई। स्टॉक चेक करते हुए रिपोर्ट तलब की गई है।

मंडी सचिव भी दिखे सख्त, अधूरे अभिलेख पर फटकारा
क्रय केंद्र पर बिना किसान और कागजात के धान की तौल पर डिप्टी आरएमओ पीसीयू के केंद्र प्रभारी की फटकार लगा रहे थे। एक गड़बड़ी मिल चुकी थी और फिर मंडी सचिव प्रवीण कुमार अवस्थी ने क्रय केंद्र के एंट्री रजिस्टर को चेक किया। इसमें भी सब कुछ आधा अधूरा निकला। इसे देख वह भी दंग रह गए और फिर कड़ी नाराजगी जताई। शासन की मंशा के तहत धान खरीद करने और अभिलेख दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

संबंधित समाचार