UP: फिल्म निर्माता को धमकी मामले में FIR, जम्मू कश्मीर के नंबर से दी गई संभल फाइल फिल्म न बनाने की चेतावनी
संभल, अमृत विचार। संभल के दंगों पर संभल फाइल्स नाम से फिल्म बना रहे निर्माता अमित जानी को जान से मार देने की धमकी दी गई है। ये धमकी जम्मू कश्मीर के नंबर से दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
अमित जानी ने बताया कि सोमवार रात वह रामपुर से संभल आ रहे थे। कश्मीरी नंबर से मोबाइल पर कॉल आई। कॉ करने वाले ने कहा कि मोहम्मद शब्बीर बोल रहा हूं, तुम संभल फाइल फिल्म बना रहे हो उदयपुर फ़ाइल वाले हो। मैंने हां कहा तो उसने कहा कि हम तुम्हें तुम्हारी डिफेंडर सहित बम से उड़ा देंगे। मैंने पूछा कि तुम्हें तकलीफ क्या है तो उसने गालियां दीं। मैंने कहा मैं तो अभी बिहार जा रहा हूं तो उसने कहा बिहार में भी हम तुम्हें मार देंगे बिहार में भी हमने टीम लगा कर रखी है। हजरतनगर गढ़ी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि पुलिस गहनता से जांच कर रही है।
इंसेट
मैं फिल्म में वहीं दिखा रहा हूं जो संभल में हुआ:अमित जानी
अमित जानी ने कहा कि मैं फिल्म में वही तो दिखा रहा हूं जो संभल में हुआ है। सच का सामना करने में आखिर परेशानी क्यों हो रही है। 1978 में 1976 में 1973 में हजारों लोगों को पलायन करने के लिए मजबूर कर दिया गया। दुकानें कब्जा ली गईं, जिंदा जलाया गया, मारा काटा गया, गले में टायर डालकर जान ली गई। यहां सैकड़ों लोग मार दिए गए, पुलिस रिकॉर्ड में है। जब पुलिस रिकॉर्ड में सैकड़ों लोग मरने की बात है तो वास्तव में कितने मरे होंगे। वह दीपा सराय का दंगा, वह नखासा में जो हुआ, वह जिसमें स्थानीय सांसद का हाथ था, वह जिस पर राजनीति करके लोग धार्मिक ध्रुवीकरण कर पाए। मंत्री कैबिनेट मंत्री यहां जिस तरह से हिंदुओं पर अत्याचार करते थे। जिस तरह से इन सब लोगों ने मिलकर यहां की डेमोग्राफी चेंज करने में भूमिका निभाई है वही सब तो हम दिखा रहे हैं। जिस धरती पर भगवान कल्कि का अवतार होना है वहां हिंदुओं को खत्म कर दो, न कोई हरि हरि नारायण नारायण पुकारने वाला होगा न भगवान आएंगे। मैं वही सब दिखा रहा हूं।
