पीलीभीत: सीड प्लांट मालिक ने किया धान का अवैध स्टॉक, मंडी प्रशासन ने वसूला 1.72 लाख रुपये जुर्माना

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पीलीभीत, अमृत विचार: अवैध तरीके से धान का स्टॉक करने वाले सीड प्लांट मालिक पर मंडी प्रशासन ने आखिरकार कार्रवाई कर दी। परिसर में मिले धान के स्टॉक के हिसाब से 1.72 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया है।

मंडी समिति पीलीभीत क्षेत्र गजरौला कस्बे के पास असम हाईवे पर स्थित सीड प्लांट में धान का अवैध भंडारण करने की सूचनाएं मंडी समिति के अधिकारियों को मिल रही थी। इस पर मंडी समिति की टीम ने 15 अक्टूबर को छापा मारा, लेकिन सीड प्लांट का गेट न खुलने पर टीम वापस आ गई थी। ये तर्क दिया था कि सीड प्लांट स्वामी जिले से बाहर था। इसके बाद दूसरे दिन दोबारा टीम मंडी समिति के जहीर अहमद की अगुवाई में पहुंची और परिसर में चार सौ क्विंटल से अधिक धान का अवैध तरीके से भंडारण पकड़ा। बताते हैं कि सीड प्लांट के मालिक ने अपने परिवार की ही आढ़त से गोदाम अटैच करने को लेकर धान के भंडारण के लिए अनुमति मांगी थी।  लिखित आवेदन मिलने पर टीमें नियमानुसार प्रक्रिया अपना रही हैं। इस पर कई बिंदुओं पर जांच की जाती है। अनुमति मिल भी नहीं सकी थी और धान का भंडारण किया जाता रहा। इस मामले में कार्रवाई कई दिन तक अधर में रही तो तमाम तरह की चर्चाएं तेज हुई। हालांकि अब मंडी प्रशासन ने की कार्रवाई की है। मंडी सचिव प्रवीण कुमार अवस्थी ने बताया कि अवैध भंडारण पर नारायन सीड प्लांट से 172777 रुपये की वसूली गई है। जिसमें 10441 रुपये मंडी शुल्क, 5236 रुपये विकास शेष और 157070 रुपये जुर्माना राशि शामिल रही है। उधर, सीड प्लांट स्वामी की ओर से गोदाम अटैच करने को लेकर किए गए आवेदन को लेकर अभी कोई अनुमति नहीं हुई है। इसे लेकर प्रक्रिया चल रही है।

संबंधित समाचार