पंचायत सहायकों की नियुक्ति में खेल! टॉपर्स को नहीं भेजा जिला स्तरीय समिति, DM ने प्रधानों के खिलफा दिए जांच के आदेश
राजेंद्र कुमार पांडेय, अयोध्या, अमृत विचार: जिले में ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों की नियुक्ति में खेल की आशंका है। ऐसी चार ग्राम पंचायतों के प्रधान के खिलाफ जिलाधिकारी ने जांच के आदेश दिये हैं। अलग-अलग दो सदस्यीय समिति जांच करेगी।
ग्राम पंचायतों का लेखा-जोखा दुरुस्त रखने, सीएससी संचालन जैसे कार्यों के लिए पिछले दिनों पंचायत सहायकों से रिक्त ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक की नियुक्ति के लिए विज्ञापन निकाला गया। जिले से ग्राम पंचायतों तक आवेदन लिए गए। पंचायत सहायकों की नियुक्ति में व्यवस्था यह है कि आवेदकों के हाईस्कूल और इंटर के प्राप्तांकों के प्रतिशत के आधार पर सबसे अधिक अंक पाने के आधार पर पंचायत सहायक के चयन के लिए पात्रता सूची तैयार की जाती है। अवरोही क्रम में ग्राम पंचायत स्तर पर सूचीबद्ध किया जाता है। गांव की प्रशासनिक समिति सूची में सबसे अधिक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी का चयन करके ग्राम पंचायत से अनुमोदन प्राप्त करने की व्यवस्था है। चयनित अभ्यर्थी का विवरण डीएम की अध्यक्षता वाली जिला स्तरीय समिति को भेजा जाता है। समिति की संस्तुति पर नियुक्ति किए जाने की व्यवस्था है।
जिले की चार ग्राम पंचायतों के तत्कालीन सचिव और प्रधान ने सर्वाधिक अंक पाने वाले अभ्यर्थी का चयन करके जिला स्तरीय समिति को नहीं भेजा। मिल्कीपुर की ग्राम पंचायत सरूरपुर, उधुई और कुंभी ने अभ्यर्थी का चयन करके विवरण जिले स्तर की समिति को नहीं भेजा। इसके कारण ग्राम पंचायत में पंचायत सहायक का चयन नहीं हो सका। इसे शासनादेश की अवहेलना माना गया। जिलाधिकारी निखिल टी. फुंडे ने ग्राम प्रधान के खिलाफ जांच का आदेश दिया। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत और सहायक निदेशक बचत को जांच अधिकारी नामित करते हुए 15 दिन में जांच रिपोर्ट देने का आदेश दिया है। इसी तरह अमानीगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत चितौरा के तत्कालीन सचिव और प्रधान ने भी चयन करके सूची नहीं भेजी। डीएम ने ग्राम प्रधान चितौरा के खिलाफ जांच के लिए जिला आबकारी अधिकारी और जिला कृषि अधिकारी को जांच अधिकारी नामित करते हुए जांच का आदेश दिया है। 15 दिन में जांच रिपोर्ट मांगी है।
मिल्कीपुर की ग्राम पंचायत सरूरपुर, उधुई और कुंभी और अमानीगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत चितौरा चारों ग्राम पंचायतों की जांच का आदेश जिलाधिकारी ने दिया है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।-अविनाश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी।
यह भी पढ़ेंः Ayodhya News: एयरपोर्ट पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह शुरू, सात नवंबर तक चलेगा अभियान
