यूपी में हवाई यात्री और कार्गो ट्रैफिक में रिकॉर्ड वृद्धि... घरेलू यात्रियों में 15.7% और एयर कार्गो में 19.1% की बढ़ोतरी

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

वाराणसी, अयोध्या, प्रयागराज और गोरखपुर बने हवाई ग्रोथ के इंजन

लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में हवाई यात्री और कार्गो ट्रैफिक में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज हुई है। घरेलू यात्रियों में 15.7% और एयर कार्गो में 19.1% का उछाल आया है। अप्रैल से अगस्त 2025 के बीच राज्य के हवाई अड्डों से 60 लाख से अधिक यात्रियों ने सफर किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 14.6% की वृद्धि दर्शाता है। भारत के कुल हवाई यातायात में यूपी की हिस्सेदारी बढ़कर 3.52% तक पहुंच गई है। इसका अर्थ है कि अब हर 30 में से एक हवाई यात्री यहां से यात्रा कर रहा है। इसमें वाराणसी, अयोध्या, प्रयागराज व गोरखपुर जैसे शहर हवाई ग्रोथ के इंजन बने हैं।

साल 2016-17 में 59.97 लाख यात्रियों की तुलना में 2024-25 में यह संख्या 142.28 लाख तक पहुंच गई है। इनमें 129.29 लाख घरेलू और 12.99 लाख अंतरराष्ट्रीय यात्री शामिल रहे। यूपी ने 2017 से 2025 के बीच 10.1% की वार्षिक वृद्धि दर दर्ज की है, जो राष्ट्रीय एविएशन सेक्टर में उसकी मजबूती को दर्शाता है। कोविड-19 के बाद राज्य ने सबसे तेज रिकवरी दिखाई और 2023-24 की तुलना में 2024-25 में 25.9% की ग्रोथ दर्ज की। जबकि 2023-24 और 2024-25 में अप्रैल-अगस्त माह के बीच तुलना करें तो यह ग्रोथ 14.6% रही। इस दौरान डॉमेस्टिक एयर पैसेंजर्स में 15.7% और इंटरनेशनल पैसेंजर्स की संख्या में 4.3% ग्रोथ दर्ज की गई।

राज्य की हवाई प्रगति में अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर जैसे शहरों ने अहम भूमिका निभाई। अयोध्या एयरपोर्ट पर 2024-25 में यात्रियों की संख्या 2 लाख से बढ़कर 11 लाख तक पहुंची। प्रयागराज में 76.4% और वाराणसी में 34.4% की वृद्धि दर्ज हुई। वहीं गोरखपुर में 27.6% और कानपुर में 13.3% का उछाल देखा गया। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि धार्मिक पर्यटन और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी राज्य की ग्रोथ के प्रमुख इंजन बन गए हैं।

उत्तर प्रदेश न सिर्फ यात्रियों, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों के लिए भी उड़ान भर रहा है। वर्ष 2016-17 से वर्ष 2024-25 के बीच एयर कार्गो ट्रैफिक में 19.1% की औसत वार्षिक वृद्धि हुई है। यह 5.89 हजार मीट्रिक टन से बढ़कर 28.36 हजार मीट्रिक टन तक पहुंच गया। लखनऊ एयरपोर्ट ने अकेले 22,099 मीट्रिक टन कार्गो हैंडल किया, जबकि प्रयागराज में 50% और वाराणसी में 27.7% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनेगा नया हब

सिविल एविएशन डायरेक्टर ईशान प्रताप सिंह ने बताया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने के बाद प्रदेश उत्तर भारत का सबसे बड़ा एविएशन हब बन जाएगा। मुख्यमंत्री योगी के ‘कनेक्टेड यूपी, समृद्ध यूपी’ विजन के तहत अयोध्या, कुशीनगर और जेवर एयरपोर्ट विकास की नई कहानी लिख रहे हैं। इससे न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि रोजगार, निवेश और पर्यटन को भी पंख लगेंगे।

यह भी पढ़ेंः 

संबंधित समाचार