UP Weather: चक्रवाती मोंथा का असर...ठंडी हवाओं ने कराया सर्दी का अहसास, बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : चक्रवाती तूफान मोंथा के असर से मंगलवार को राजधानी का मौसम अचानक बदल गया। सुबह हुई रिमझिम बारिश और दिन भर चलीं ठंडी हवाओं ने अक्टूबर में ही सर्दी का अहसास करा दिया। दिन भर बादल छाए रहे। कहीं तेज तो कहीं बूंदाबांदी से दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। 

मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस कम रहा। लोगों ने ठंड से बचने के लिए गरम कपड़े निकाल लिए। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी की संभावना है।

बूंदाबांदी के बाद लुढ़का अधिकतम तापमान

जिले में ठंड की दस्तक शुरू हो गई है। अयोध्या में दो दिनों से छाए बादल व मंगलवार सुबह हल्की बूंदाबांदी से अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री नीचे रहा। न्यूनतम तापमान भी 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। 

नवंबर दूसरे सप्ताह में दिखने लगेगा ठंड का असर

आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्र ने बताया कि अरब सागर से आ रही नम हवा और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हो रहे मौसम प्रणालियों के कारण बादलों की सक्रियता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटों में अयोध्या और आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। इससे तापमान में और गिरावट आएगी।

ये भी पढ़े : 
पैकेज पर होता घायल पशुओं की मौत का धंधा... एनिमल लवर्स बताकर अवैध रूप से बढ़ा रहे NGO के नाम पर गोरखधंधा

 

 

 

संबंधित समाचार