Shahjahanpur: पुलिस की दबिश से डरकर भागा युवक नदी में कूदा...डूबने से मौत, सड़क पर शव रखकर हंगामा
शाहजहांपुर, अमृत विचार। चौक कोतवाली क्षेत्र के बग्गूघाट में बुधवार दोपहर पुलिस की दबिश के दौरान ट्रांसपोर्ट मैनेजर कोविद तिवारी (27) की नदी में डूबकर मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया और चार पुलिसकर्मियों ने नदी में धक्का देकर कहा ‘इसे डूबने दो।’
बाबूजई मोहल्ला निवासी कोविद तिवारी बुधवार दोपहर घर पर भोजन कर रहे थे, तभी गांव के नासिर नाम के युवक का फोन आया। वह तुरंत खाना छोड़कर बग्गूघाट पहुंचा, जहां कुछ दूरी पर जुआ खेला जा रहा था। तभी पुलिस वहां दबिश देने पहुंच गई। परिजनों का कहना है कि कोविद जुए में शामिल नहीं था, लेकिन डर के कारण भागने लगा। इस दौरान पुलिस ने पीछा करते हुए उसे नदी में धक्का दे दिया। परिवार का आरोप है कि किसी ने कोविद को बचाने की कोशिश नहीं की।
बाद में परिजनों ने अपने खर्च पर गोताखोरों को बुलवाकर शव निकलवाया। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने शव को फॉरच्यूनर गाड़ी में रखकर पूर्व मंत्री कृष्ण राज के आवास के पास सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही सीओ सिटी पंकज पंत, सिटी मजिस्ट्रेट और तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने आरोपी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। एक घंटे तक चले हंगामे के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ।
भाई शोभित तिवारी ने बताया कि दो दिन पहले ही परिवार कोविद की शादी के लिए लड़की देखने गया था और विवाह की तैयारी चल रही थी, लेकिन इस घटना ने सबकुछ बदल दिया। उन्होंने कहा कि नासिर ने 20 हजार रुपये के लिए कोविद को बुलाया था और इसी बहाने यह घटना घटी। सीओ सिटी पंकज पंत ने बताया कि युवक की नदी में डूबने से मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
