Mahadeva Festival: 17 नवम्बर से होगा महादेवा महोत्सव का आगाज, डीएम बोले- श्रद्धा, सुरक्षा और सौंदर्य का बनेगा संगम
बाराबंकी, अमृत विचार। रामनगर तहसील स्थित पौराणिक स्थल श्री लोधेश्वर धाम महादेवा में आयोजित होने वाले महादेवा महोत्सव 2025 (अगहनी मेला) की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के अधिकारियों और मेला कमेटी सदस्यों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।
बैठक में पारित प्रस्ताव के अनुसार महादेवा महोत्सव 17 से 23 नवम्बर तक आयोजित किया जाएगा। सात दिवसीय यह आयोजन इस वर्ष भव्यता, दिव्यता और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक बनेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि महादेवा महोत्सव न केवल श्रद्धा का उत्सव है, बल्कि यह जिले की सांस्कृतिक पहचान और जनभागीदारी का प्रतीक भी है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएँ समयबद्ध और समन्वित रूप से पूरी की जाएँ, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। डीएम ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय प्रतिभाओं को प्राथमिकता दी जाए। मेला परिसर में झूले, झांकियाँ, सांस्कृतिक मंच, प्रदर्शनी और मनोरंजन कार्यक्रमों के लिए समुचित स्थान निर्धारित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, यातायात, सीसीटीवी कैमरे, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, चिकित्सा सुविधा और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। छुट्टा जानवरों की रोकथाम के लिए पशुपालन विभाग को विशेष प्रबंध करने के निर्देश भी दिए गए। डीएम ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए एलईडी वैन, होर्डिंग और बैनर लगाने के निर्देश दिए, ताकि आमजन तक योजनाओं की जानकारी आसानी से पहुँच सके।
उन्होंने कहा कि महादेवा महोत्सव श्रद्धा, सुरक्षा और सौंदर्य का संगम बने, इसके लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें। यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि जिले की सांस्कृतिक गरिमा का प्रतीक भी है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल, एएसपी उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी, सीओ गरिमा पंत, निवर्तमान विधायक शरद अवस्थी, मठ रिसीवर हरिप्रसाद द्विवेदी, ग्राम प्रधान राजन तिवारी व अ्य विभागों के अधिकारी एवं मेला कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।
