गन्ना मूल्य वृद्धि किसान-हितैषी नीति का प्रमाण : रामबाबू द्विवेदी
गन्ने के मूल्य में 30 रुपये प्रति कुंतल वृद्धि से गन्ना किसान उत्साहित
बाराबंकी, अमृत विचार। प्रदेश सरकार द्वारा गन्ना पेराई सत्र 2025-26 के लिए गन्ने के मूल्य में 30 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि किए जाने से जनपद के गन्ना किसानों में खुशी की लहर है। अब अगेती प्रजाति का मूल्य 400 रुपये प्रति कुंतल तथा सामान्य प्रजाति का मूल्य 390 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है।
सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के गन्ना किसानों को लगभग 3000 करोड़ का अतिरिक्त भुगतान प्राप्त होगा। जनपद के गन्ना किसान इस फैसले को लेकर काफी उत्साहित हैं और उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया है। किसान मोर्चा के महामंत्री रामबाबू द्विवेदी ने कहा कि योगी सरकार की यह पहल किसान-हितैषी नीति का प्रमाण है।
उन्होंने बताया कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय 21 चीनी मिलों को औने-पौने दामों में बेच दिए जाने से उद्योग को भारी क्षति पहुंची थी, लेकिन मौजूदा सरकार ने इन मिलों के पुनर्जीवन और सुचारू संचालन में सफलता प्राप्त की है।
रामबाबू द्विवेदी ने कहा कि गन्ना मूल्य में यह बढ़ोतरी किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में ठोस कदम है। उन्होंने बताया कि पेराई सत्र प्रारंभ होने से पहले सभी चीनी मिलों को तैयारियों और किसानों के भुगतान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
