रामपुर : शादी के बहाने ठगी करने वाली लुटेरी दुल्हन सहित दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पटवाई थाना क्षेत्र का मामला, दोनों आरोपी  गए जेल

पटवाई, अमृत विचार: थाना पटवाई पुलिस ने शादी के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले एक लुटेरी दुल्हन गिरोह का खुलासा करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया। उसके बाद पुलिस ने आरोपी दुल्हन बनी सुहानी उर्फ शिवन्या और उसके भाई नितिन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पटवाई निवासी अनिल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपने भाई विकास की शादी के लिए 19 अगस्त को आंबेडकर पार्क में एक लड़की को देखा था। लड़की वालों की तरफ से नितिन के साथ दो महिलाएं थीं, जिनमें से एक को लड़की की मां और दूसरी को मौसी बताया गया था। लड़का-लड़की दोनों ने एक-दूसरे को पसंद कर लिया था। जिसके बाद लड़के वालों ने गोद भराई में 2100 दिए थे। गरीबी का हवाला देते हुए लड़की पक्ष ने लड़के पक्ष से शादी से पहले ही खर्च के नाम पर एक लाख सतहत्तर हजार चार सौ पचास रुपये अपने खाते में डलवा लिए थे।

ठगी का यह पूरा मामला तब सामने आया जब शादी की तारीख से ठीक एक दिन पहले लड़की के भाई ने फोन करके बताया कि उसकी बहन शिवन्या घर से भाग गई है। यह सुनते ही लड़के वालों को एहसास हुआ कि वे धोखाधड़ी का शिकार हो गए हैं। सितंबर माह में पीड़ित पक्ष ने थाना पटवाई में पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला सुहानी उर्फ शिवन्या और उसके भाई नितिन, जो दोनों मुरादाबाद जिले के निवासी दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले में गंभीरता से जांच कर रही है।

संबंधित समाचार