कानपुर : किदवई नगर में पांचवीं के छात्र का अपहरण, वैन से कूदकर भागा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लोकेशन पूछने के बहाने अपहर्ताओं ने नशीला पदार्थ सुंधाकर किया अगवा

कानपुर, अमृत विचार। किदवईनगर में स्कूल से पैदल घर जा रहे पांचवीं के छात्र को वैन सवार अपहर्ताओं ने अगवा कर लिया। लोकेशन पूछने के बहाने वैन रोकी और बालक का नशीला पदार्थ सुंघाकर वैन में डाल लिया। साकेतनगर पहुंचने पर सामान खरीदने के लिए वैन रोकी, तभी होश में आया बालक चुपके से दरवाजा खोलकर भाग निकला।

भागकर सीधा एक परचून दुकान में पहुंचा। दुकानदार को घटना बताकर परिजनों को खबर दी। दुकानदार ने ही पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने छात्र से पूछताछ कर वैन सवार दोनों अपहर्ताओं की तलाश में जुटी है। गोविंदनगर के डीबीएस कालेज कच्ची बस्ती निवासी जितेंद्र सिंह ट्रक चालक हैं।

परिवार में पत्नी उर्मिला देवी, बड़ी बेटी आंचल व 12 वर्षीय बेटा कुनाल है। बेटा निरालानगर स्थित चिल्ड्रेंस पैराडाइज स्कूल में पांचवीं का छात्र है। बुधवार दोपहर एक बजे छुट्टी के बाद कुनाल पैदल घर जा रहा था। उसने बताया कि दीप टाकीज के पास वैन सवार दो लोग पहले से खड़े थे।

एक ने उसे आवाज देकर बुलाया और लोकेशन पूछा। उसने जानकारी होने से मना किया, इसी बीच दूसरे ने उसे रुमाल सुंघा दी। जिससे वह बेहोश हो गया। होश आया तो वह चौधरी दुग्ध डेयरी के पास था। दोनों अपहर्ता वैन खड़ी कर कुछ सामान खरीदने उतरे थे। इसी का फायदा उठाकर उसने भागने की सोची।

चुपके से वैन का दरवाजा खोला और गली की ओर भाग निकला। भागते हुए निरालानगर राम जानकी मंदिर के पास पहुंचा। हॉफते हुए समीप ही एक परचून की दुकान में पहुंचा। दुकानदार अमित सिंह सेंगर को पूरी घटना की जानकारी देकर अपने परिजनों को बताने को कहा। दुकानदार ने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी और दुकान पर बुलाया।

इसी बीच पुलिस को भी जानकारी दी। किदवईनगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि पूछताछ के बाद छात्र के बताए रूट के आधार पर सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। हालांकि वैन के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है।

छात्र के बताए समय पर केवल एक वैन ही नजर आई है। जो बच्चों को छोड़ने जा रही थी। उसके चालक से पूछताछ की है। आसपास लगे कैमरों को देखा जा रहा है। वैन और उसके चालक के बारे में पता किया जा रहा है। 

संबंधित समाचार