अयोध्या में मेडिकल कॉलेज में बढ़े टीबी के मरीज: कोर कमेटी की बैठक में निर्देश...बढ़ाये जायेगें जांच और बेड

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार: राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज गंजा में टीबी कोर कमेटी की बैठक में सभी विभागों को टीबी की जांच बढ़ाने का निर्देश दिया गया। कुपोषित बच्चों, 60 वर्ष से अधिक की आयु वाले व्यक्तियों, डायबिटीज रोगी, शराब व तंबाकू का सेवन करने वाले व्यक्तियों को टीबी मरीजों के साथ तीन साल से संपर्क में आने वाले व्यक्तियों को मुख्य रूप से चिह्नित कर टीबी जांच कराने के निर्देश दिए गए। प्राचार्य डॉ. सत्यजीत वर्मा ने बताया की बेड की संख्या बढ़ाने के प्रयास किये जा रहे हैं जिससे डीआरटीबी नोडल सेंटर बनाया जा सके।

बाल रोग विभाग में संभावित रोगी बच्चों का गैस्ट्रिक लावाज व प्रेरित थूक विधि द्वारा सैंपल कलेक्ट करके नाॅट टेस्ट कराने का निर्देश दिया गया। बिगड़ी हुई टीबी के मरीजों की देखभाल के लिए दिशा निर्देश और बेड की संख्या बढ़ाने के लिए चर्चा की गई। तीन महीने में 147 टीबी के मरीज चिह्नित किए गए, जिसमें फेफड़े के बाहर वाली टीबी के 57 व बाल रोग विभाग द्वारा 13 मरीज चिह्नित किए गए। 

बाल रोग विभाग को मरीजों की संख्या बढ़ाने एवं उसे पोर्टल पर अपडेट करने को कहा गया। कार्यक्रम में उपस्थित जिला टीबी रोग अधिकारी डॉ. संदीप कुमार शुक्ला ने बताया की पल्मोंनरी टीबी के संपर्क में आने वाले व्यक्तियों का छाती का एक्स-रे कराया जाए। उन्हें टीबी प्रेवेंशन थेरेपी के बारे में जागरूक किया जाए। 

इसके अलावा टीबी के मरीजों को पोषण पोटली मुहैया कराने के लिए कॉर्पोरेट सेक्टर की मदद लेने पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में सीएमएस डॉ. अरविन्द सिंह, डीआरटीबी नोडल डॉ. एसके वर्मा और पीडियाट्रिक टीबी पर कार्य कर रही संस्था वर्ल्ड हेल्थ पार्टनर के जिला समन्वयक सचिन गुलाटी मौजूद रहे।

ये भी पढ़े :
ट्रॉमा सेंटर की इमरजेंसी में मुफ्त इलाज और 24 घंटे जांच की शुरुआत, खर्च के आकलन के लिए बनी पांच सदस्यीय कमेटी

संबंधित समाचार