UP: ब्लैकमेल कर रही थी रीना...प्रेमी सलीम ने परेशान होकर की थी हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हसनपुर, अमृत विचार। महिला की गला रेतकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। ब्लैकमेलिंग से तंग आकर प्रेमी ने उसकी गला रेतकर हत्या की थी। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू को बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।

बुधवार को एसपी अमित कुमार आनंद ने प्रेस वार्ता कर घटना का खुलासा किया। दरअसल मंगलवार को गांव हथियाखेड़ा की महिलाएं गांव के निकट प्लाटिंग में उपले पाथने के लिए पहुंची तो उन्होंने देखा कि प्लाटिंग में बनी झोपड़ी के पास किसी महिला का शव पड़ा हुआ है। शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की । लगभग 3 घंटे के बाद शव की पहचान हसनपुर नगर के मोहल्ला कोट पूर्वी निवासी 35 वर्षीय रीना पत्नी कुंवर पाल सैनी के रूप में हो पाई। वह फड़ लगाकर चप्पलें बेचती भी और घरों में काम करती थी।

पति की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से हत्यारोपी सलीम को धनौरा कस्बे से गिरफ्तार किया। सलीम ने बताया कि वह रेडीमेड कपड़े बेचता है। रीना के साथ उसके अवैध संबंध थे। रीना उसे लगातार पैसों के लिए ब्लैकमेल कर रही थी। दीपावली पर 20 हजार रुपए देने के बाद 3 लाख की मांग कर रही थी, साथ ही धमकी दी थी कि मांग पूरी न होने पर वह सब को सच बता देगी। 

लगातार ब्लैकमेलिंग से तंग आकर उसने हत्या की योजना बनाई। 27 अक्टूबर 2025 को शाम करीब 6ः45 बजे सलीम रीना को मोटरसाइकिल पर बैठाकर हथियाखेड़ा के पास एक झोपड़ी में ले गया। अंधेरे का फायदा उठाकर उसने रीना की गर्दन पर चाकू से वार कर हत्या कर दी और उसका मोबाइल तथा चुन्नी लेकर मौके से फरार हो गया। हत्या के बाद उसने खून से सने कपड़े, चाकू और अन्य सामान छुपा दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर आलाकत्ल चाकू, मोटरसाइकिल मृतका की चुन्नी व टूटा हुआ मोबाइल और घटना के समय पहने कपड़े बरामद किए हैं।

संबंधित समाचार