राष्ट्र पुनर्जागरण का आंदोलन है आत्मनिर्भर भारत अभियान : मुकेश शर्मा
भाजयुमो के तत्वाधान में आयोजित हुआ युवा सम्मेलन
बाराबंकी, अमृत विचार। अयोध्या हाईवे पर लक्ष्बरबजहा स्थित सिटी लॉ कॉलेज में गुरुवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के तत्वावधान में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि एमएलसी मुकेश शर्मा ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान केवल आर्थिक नीतिगत कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह राष्ट्र पुनर्जागरण का आंदोलन है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान नई सोच, नए आत्मविश्वास और नए युग की शुरुआत है। आत्मनिर्भर भारत का अर्थ केवल उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि मानसिक, बौद्धिक और सामाजिक स्वावलंबन प्राप्त करना भी है।
एमएलसी शर्मा ने कहा कि जब देश का युवा अपने कार्य, विचार और कर्म से आत्मनिर्भर बनेगा, तभी सशक्त भारत का निर्माण संभव होगा। उन्होंने युवाओं से वोकल फॉर लोकल को जीवनशैली में शामिल करने और स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों व स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से इसे विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाया जा सकता है। उन्होंने कोरोना काल में भारत निर्मित स्वदेशी वैक्सीन की सफलता और रक्षा क्षेत्र में ब्रह्मोस व आकाश जैसी मिसाइलों के निर्माण का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
विशिष्ट अतिथि भाजयुमो प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि युवा मोर्चा का यह अभियान युवाओं को राष्ट्रहित में समर्पित करने का माध्यम है। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजयुमो जिलाध्यक्ष रोहित सिंह ने की और अतिथियों का स्वागत एवं आभार जताया।
कार्यक्रम के अंत में युवाओं को 12 बिंदुओं पर आधारित संकल्प दिलाया गया, जिसमें स्वदेशी उत्पादों को अपनाने, स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन देने और समाज सेवा में सक्रिय रहने का आह्वान किया गया।
संचालन जिला मंत्री अरुण रावत ने किया। इस अवसर पर हर्षवर्धन सिंह, अम्बरीष रावत, सूरज भान, अनुज वर्मा, प्रमोद गोस्वामी, कृष निगम, महेश यादव, प्रेम कुमार और हरिकेश दीक्षित सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
