लखनऊ : विधानभवन के पास नशे में धुत युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास, जानें वजह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आशियाना/लखनऊ, अमृत विचार। थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने मारपीट के मामले में चौकी प्रभारी द्वारा कार्रवाई न किए जाने से क्षुब्ध होकर बुधवार देर रात विधानभवन गेट नंबर-2 के पास आत्मदाह का प्रयास किया। युवक नशे में था और उसने खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया, लेकिन मौके पर मौजूद हजरतगंज पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने युवक को आशियाना थाने की सुपुर्दगी में दे दिया है।

जानकारी के मुताबिक, शारदानगर योजना रुचिखंड प्रथम निवासी ऋषभ अपने माता-पिता मालती और अभयराज तथा छोटे भाई अक्षांश के साथ रहता है। अक्षांश नोएडा में रहकर पढ़ाई करता है और वहीं मोहल्ले के दोस्तों आर्यन व सामर्थ्य पाल के साथ किराए के मकान में रहता था। कुछ दिन पहले तीनों के बीच किराए को लेकर विवाद हुआ था। 

छुट्टियों में घर लौटने पर 26 अक्टूबर को तीनों का आशियाना चौराहे पर फिर विवाद हो गया। बात बढ़ने पर मारपीट हुई। अक्षांश ने इसकी जानकारी अपनी मां को दी, जिस पर मालती ने उसी दिन थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामला जांच के लिए चौकी प्रभारी आशियाना को सौंपा गया। परिवार का आरोप है कि चौकी प्रभारी ने जांच के नाम पर तीन दिन तक कार्रवाई टाल दी।

चौकी प्रभारी के रवैए से नाराज होकर अक्षांश का भाई ऋषभ बुधवार रात शराब के नशे में विधानभवन गेट नंबर-2 के पास पहुंचा। उसने जेब से पेट्रोल की बोतल निकाली और खुद पर उड़ेलने लगा। यह देख वहां तैनात आत्मदाह निरोधक दस्ते और पुलिसकर्मी तुरंत सक्रिय हुए और उसे पकड़ लिया। 

हजरतगंज पुलिस ने पूछताछ के बाद युवक को आशियाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। आशियाना इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि लिखापढ़ी के बाद ऋषभ को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि यह पढ़ने-लिखने वाले युवकों का आपसी मामला था, इसलिए चौकी प्रभारी ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया था, जिससे परिवार नाराज था।

संबंधित समाचार