UP: पीलीभीत के इस गांव में नेपाल से आए हाथियों का कहर...घर में सो रहे अधेड़ को कुचलकर मार डाला

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

पीलीभीत, अमृत विचार। नेपाल की शुक्लाफांटा सेंचुरी से आए दो जंगली हाथियों का आतंक एक बार फिर सीमावर्ती गांवों में देखने को मिला। शनिवार देर रात हाथियों के झुंड ने शारदा नदी पार कर ढकिया ताल्लुके महाराजपुर गांव में हमला कर दिया। एक हाथी घर में घुस गया और सो रहे अधेड़ को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया।

माधोटांडा क्षेत्र के शारदा नदी पार बसे गांवों में इन दिनों नेपाली हाथियों का आतंक बना हुआ है। थारू पट्टी, गुंहान, गोरख डिब्बी और ढकिया ताल्लुके महाराजपुर गांवों में जंगली हाथियों के झुंड लगातार फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। शनिवार देर रात ढकिया गांव में हाथियों का झुंड पहुंचा। इसी दौरान एक हाथी पून्नो 58 के झोपड़ीनुमा घर में घुस गया। घर के भीतर सो रहे पून्नो पर हाथी ने हमला कर दिया और पैरों से रौंदकर उसकी जान ले ली।

अचानक हुए हमले से पूरे गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने चीख-पुकार मचाई और शोरगुल कर हाथियों को भगाने की कोशिश की। इस दौरान हाथियों ने गांव में तोड़फोड़ मचाई और कई झोपड़ियों को नुकसान पहुंचाया। देर रात तक गांव के लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते रहे। रविवार सुबह रमनगरा पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।

संबंधित समाचार