कानपुर : टीएसआई से रोडवेज बस चालक ने की अभद्रता, कहा- चढ़ा दूँगा बस, सड़क पर लगाया जाम, मुकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर। कल्याणपुर क्षेत्र के जीटी रोड स्थित बिठूर रोड तिराहे पर रोडवेज बस चालक ने यातायात उप निरीक्षक (टीएसआई) से अभद्रता करते हुए बीच सड़क पर बस तिरछी खड़ी कर दी। इससे जीटी रोड पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। चालक ने टीएसआई को धमकी दी कि “बस चढ़ा दूंगा।” सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक और परिचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

 रविवार सुबह टीएसआई मुनेंद्र प्रताप सिंह बिठूर रोड तिराहे पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान आजाद नगर डिपो की एक रोडवेज बस तिराहे पर खड़ी कर सवारिया बैठाने लगा, जिससे आवागमन बाधित हो रहा था।

टीएसआई ने चालक शैलेंद्र से कहा कि आप गाड़ी आगे बढ़ाएं जाम लग रहा है इस पर बस चालक उससे अभद्रता करते हुए बस बीच रोड पर खड़ी कर नीचे उतर गया, जिससे दोनों पक्षों में जमकर झड़प होने लगी, कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि चालक ने बस को जानबूझकर तिराहे पर तिरछा खड़ा कर दिया, जिससे जीटी रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

दोनों ओर का यातायात पूरी तरह के लिए बाधित हो गया। टीएसआई ने आरोप लगाते हुए कहा कि चालक शैलेंद्र ने अभद्रता करते हुए धमकी दी कि “बस चढ़ा दूंगा।” मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह टीएसआई को शांत कराया।

घटना की जानकारी मिलते ही कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक चालक और परिचालक बस छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया। कल्याणपुर थाना प्रभारी ने बताया कि टीएसआई मुनेंद्र प्रताप सिंह की तहरीर पर चालक शैलेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की कार्यवाही की जायेगी।

संबंधित समाचार