दर्दनाक हादसा : दो बाइक टकराते ही मची चीख-पुकार...सड़क हादसे में दो लोगों की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इस्लामनगर/करियामई, अमृत विचार। थाना इस्लामनगर क्षेत्र के गांव कुंदावली दो बाइकों की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। मौके पर चीख पुकार मच गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से सभी को रुदायन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की। घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

एक बुलेट पर चार लोग इस्लामनगर की ओर से और एक बाइक पर तीन लोग बिल्सी से काम करके लौट रहे थे। गांव कुंदावली के पास दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। हादसे में बुलेट सवार हाथरस निवासी देवा (24) पुत्र सेलू की मौके पर मौत हो गई जबकि बाइक पर सवार राजमिस्त्री इस्लामनगर क्षेत्र के गांव छीतरपुर महरौला निवासी शमशाद (50) पुत्र बल्ले खान की इलाज के दौरान मौत हो गई। 

वहीं हाथरस के चोखनगला निवासी मनीष पुत्र अर्जुन, अलीगढ़ के इगलास निवासी दीपक पुत्र राजू, शिवदीप पुत्र रूपेश, छीतरपुर महरौला निवासी सत्यनारायण पुत्र रामभरोसे और इस्लामनगर के मोहल्ला तकिया निवासी फहीम पुत्र सिकंदर घायल हो गए। पुलिस की सूचना पर मृतकों के परिजन पहुंचे। उन्होंने बताया कि हाथरस की एक युवती की शादी के लिए उन्होंने उघैती के एक मैरिज हॉल को बुक किया था। रविवार रात शादी थी। जिसमें शामिल होने के लिए वह लोग बुलेट से आए थे। इस्लामनगर से कुछ सामान खरीदकर उघैती जा रहे थे।

संबंधित समाचार