कार्तिक मेला: आज से भीड़ जुटने की उम्मीद, रेल प्रशासन 6 नवंबर तक मेला स्पेशल ट्रेनें चलाएगा
बरेली, अमृत विचार। कार्तिक मेले के लिए रेलवे ने मेला स्पेशल ट्रेनें चलाना शुरू कर दिया है। सोमवार से ही ट्रेनों में भीड़भाड़ शुरू हो जाएगी। रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 24 ट्रेनों का कांकाठेर, गढ़ समेत अन्य स्टेशनों पर ठहराव सुनिश्चित किया है। मेला स्पेशल ट्रेनें 6 नवंबर तक चलेंगी। रेलवे ने रविवार को जीआरपी-आरपीएफ को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। ।
मुरादाबाद मंडल में गंगा घाट वाले स्टेशनों पर रेलवे 3 से 6 नवंबर तक मेला स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। मुरादाबाद से गाजियाबाद, दिल्ली से हरिद्वार के अलावा गढ़ से हापुड़ व गजरौला से कांकाठेर के बीच यात्री सुविधा के लिए ट्रेनों का शेड्यूल बनाया गया है। दिल्ली रूट की विभिन्न मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों का कांकाठेर, गढ़ स्टेशनों पर दो मिनट का अस्थायी ठहराव रहेगा। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता के अनुसार मुख्य पर्व 5 नवंबर को है।
सोमवार से ट्रेनों में अस्थायी ठहराव शुरू हो जाएगा। दिल्ली की ओर जाने वाली सभी ट्रेनें गढ़, कांकाठेर में अपने निर्धारित समय के अनुसार रुकेंगी। इसी के साथ ही ट्रेनों में भीड़ शुरू हो जाएगी। इसके लिए रेलवे स्टेशन, चेकिंग व रेलवे पुलिस को सतर्क किया गया है। जीआरपी इंस्पेक्टर सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि प्लेटफार्म पर रोस्टर के मुताबिक ड्यूटी लगाई गई है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो।
