छात्रवृत्ति पोर्टल बंद होने से कॉलेज के विद्यार्थी परेशान, तकनिकी खामी के चलते फॉर्म नहीं भर पा रहे छात्र
अयोध्या, अमृत विचार : बीते शिक्षा सत्र में संस्थानों की लापरवाही से छूटे छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति की आवेदन प्रक्रिया ठप हो गई है। लखनऊ स्थित छात्रवृत्ति पोर्टल पिछले तीन दिनों से ठप्प पड़ा है, जिससे अयोध्या के ग्रामीण और शहरी इलाकों के विद्यार्थी आवेदन तक नहीं भर पा रहे। शुक्रवार अंतिम तिथि थी, लेकिन तकनीकी खराबी ने सबकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
कॉलेजों और स्कूलों से जुड़े छात्रों ने बताया कि वे सुबह से रात तक पोर्टल पर ट्राई करते रहे, लेकिन न फॉर्म सबमिट हो रहा, न प्रिंटआउट निकल पा रहा। छात्रा अशिंका तिवारी ने कहा हमारे गांव में 50 से ज्यादा बच्चे इसी छात्रवृत्ति पर निर्भर हैं। संस्थान की गलती से पिछले साल छूट गए थे, अब ये क्या हो गया? सरकार ने तो वादा किया था। बीते शैक्षिक सत्र 2024-25 में संस्थानों की चूक से वंचित रह गए इन छात्रों के लिए शासन ने विशेष निर्देश जारी किए थे। लेकिन पोर्टल की इस 'डिजिटल ब्लैकआउट' ने पूरी अयोध्या बेल्ट को प्रभावित कर दिया है।
समाज कल्याण विभाग में उच्चाधिकारियों की आपात बैठक बुलाई गई है, जहां समय-सीमा बढ़ाने पर चर्चा चल रही है। सूत्रों के मुताबिक अगले 48 घंटों में फैसला हो सकता है। स्थानीय छात्र संगठनों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द राहत न मिली तो धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। डॉ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी आरके पांडेय ने रविवार को बताया कि पोर्टल न चलने से बड़ी संख्या में छात्र विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन में पूछने आ रहे हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन को भी इसकी कोई जानकारी नहीं है। आनलाइन आवेदन होने के कारण स्थानीय स्तर पर कोई मदद भी नहीं की जा सकती है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्य अंकित मिश्रा ने बताया कि पोर्टल न चलने की शिकायत को लेकर लखनऊ ईकाई से संपर्क किया गया है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी आर बी सिंह ने बताया कि छात्रवृति पोर्टल में लखनऊ से दिक्कत है। आज रात तक या कल सुबह तक ठीक हो जाएगा। संभवतः आवेदन तिथि भी विस्तारित की जा सकती है। है।
ये भी पढ़े :
चित्रकूट में बड़ा सड़क हादसा : बस और जीप की टक्कर में 3 भाइयों की मौत, 5 अन्य लोग घायल
