'योगी तेरे राज में-कटोरा लिए हाथ में'... प्रयागराज में नारेबाजी करते हुए आशा बहुओं ने किया प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में वेतन बढ़ोत्तरी और भुगतान समेत अन्य मांगों को लेकर आशा बहुओं ने सोमवार को प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। आशा बहुओं का आरोप है कि पिछले चार महीनों से उनके खाते में वेतन के एवज में एक भी धनराशि खाते में नहीं आई है। 

उन्होने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के जितने भी महत्वपूर्ण कार्यक्रम हैं उसे घर-घर पहुंचाने की जिम्मेदारी आशा बहू पूरी कर रहे हैं लेकिन जब उसके बदले धनराशि आदि देने की बात आती है तो समस्याएं सुनने के लिए कोई नहीं होता। ऐसी स्थिति में काम करना बहुत मुश्किल होता है । 

आशा बहु रानी देवी ने कहा कि प्रदेश भर में तैनात करीब 1.57 लाख आशा बहु परेशान हैं। पिछले चार महीने से वह सिर्फ काम कर रही हैं लेकिन उनको उनकी मेहनत का भुगतान नहीं मिला। यही कारण है, कि अब आशा बहुएं एक बड़े आंदोलन की राह पर निकल चुकी हैं। पिछले एक नवंबर को ही प्रयागराज समेत पूरे प्रदेश की आशा बहुओं ने सीएचसी ,पीएचसी पर कार्य बहिष्कार कर धरने पर बैठ गई थीं।

आशा बहुओं ने आज फिर से अपना विरोध प्रदर्शन शुरू किया और नारेबाजी करते हुए बोली 'योगी तेरे राज में-कटोरा लिए हाथ में और 2 हजार में दम नहीं-20 हजार से कम नहीं'... जैसे नारों के जरिए सरकार से मांग कर रही हैं। अब 6 नवंबर को लखनऊ में बड़े आंदोलन की योजना बनायी जाएगी। 

एक नवंबर को उप्र आशा वर्कर्स यूनियन के बैनरतले सिर्फ प्रयागराज ही नहीं बल्कि प्रदेश के सभी जनपदों के सीएचसी पर तालाबंदी किया गया। टीकाकरण कार्य को पूरी तरह से रोक दिया गया। चाका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ताला बंद कर दिया गया। डिप्टी सीएमओ डॉ. नवीन गिरि उनके बीच पहुंचे और उन्होंने आशा बहुओ को आश्वासन दिया है ,कि शीघ्र ही उनकी राशि मिल जाएगी। 

संबंधित समाचार