कार्तिक पूर्णिमा मेला : तैयारियों का डीएम व एसपी ने लिया जायजा, कहा - श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर दें विशेष ध्यान
सिरौलीगौसपुर, बाराबंकी, अमृत विचार : कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्री समर्थ साहेब जगजीवन दास बड़े बाबा के पारंपरिक मेले की तैयारियों का मंगलवार को जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों, भीड़ नियंत्रण, प्रवेश-निकास द्वारों, विद्युत व्यवस्था, यातायात, स्वच्छता और श्रद्धालुओं एवं पशुओं के लिए पेयजल की उपलब्धता का व्यापक अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता सर्वोपरि है। भीड़ नियंत्रण के लिए मजिस्ट्रेट ड्यूटी के साथ पुलिस अधिकारियों की काउंटर पार्ट तैनाती सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और मेला क्षेत्र को सेक्टरवार विभाजित कर सफाई कर्मियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। पशुओं के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सकीय सुविधा और पशु चिकित्सक की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। निरीक्षण में मंदिर परिसर और अभरण क्षेत्र का भी अवलोकन किया गया, जहां श्रद्धालु स्नान कर आशीर्वाद लेते हैं।
पुलिस अधीक्षक ने मुख्य प्रवेश द्वारों पर बैरिकेडिंग मजबूत करने, गोताखोर टीम तैनात करने और यातायात पुलिस को रूट डायवर्जन व पार्किंग व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम प्रीति सिंह, सीओ गरिमा पंत, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, विद्युत और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। मेला समिति ने बताया कि इस पारंपरिक मेले में आस-पास के जिलों से लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं।
