Bareilly : गंगा स्नान आज, ट्रैक्टर-ट्रालियों से चौबारी मेला में पहुंचे कल्पवासी
बरेली, अमृत विचार। रामगंगा चौबारी मेले में रौनक बढ़ने लगी है। बुधवार का पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य कमाएंगे। कल्पवास करने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु ट्रैक्टर ट्रॉलियों पर सवार होकर मंगलवार की सुबह से ही मेला में पहुंचने लगे थे, जिससे की उन्हें टेंट लगाने के लिए सही जगह मिल सके। वह शनिवार तक मेले में वास करेंगे। इस दौरान नियमित रूप से रामगंगा नदी में डुबकी लगाने, पूजा-पाठ और दान करने समेत अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मेला में पहुंचते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने रामगंगा में डुबकी लगाई। घाट पर महिलाओं ने अपने बच्चों के मुंडन भी करवाए।
मेले में कल्पवासियों के पहुंचने मेले से काफी रौनक बढ़ने लगी है। मेला में पहुंचकर लोगों ने जगह को चिन्हित कर उसे समतल बनाकर अपना टेंट लगाया। वह अपने साथ सारा सामान लेकर पहुंचे है। कुछ लोग तो ट्रॉली पर पानी की टंकी भी साथ लेकर आए हैं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत न हो सके। रिछा के पास के एक गांव से लल्लन अपने रिश्तेदारों और परिवार के साथ पहुचे हैं। उन्होंने बताया कि वह पिछले साल भी आए थे, लेकिन टेंट लगाने के लिए उचित स्थान नहीं मिल पाने के कारण स्नान करके ही चले गए थे, लेकिन इस साल वह पहले से ही आ गए हैं जिससे यहां रहकर स्नान कर सकें और मेला का आनंद ले सकें। मेले में उत्तराखंड, लखीमपुर खीरी सहित बरेली के आसपास के क्षेत्रों के लोग कल्पवास करने पहुंचे हैं।
घाट पर लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी निगरानी कर रही है। पीएसी के गोताखोरों ने मंगलवार को पहुंचकर पुल के नीचे डेरा जमा लिया है। वह अपने साथ वोट सहित सेफ्टी जैकेट भी लेकर पहुचे हैं, जिससे किसी भी हादसे के दौरान समय पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा सके।
मेला में बने अस्पताल में डॉक्टर गायब, फार्मसिस्ट दे रहे मरीजों को दवाई
मेला में बने चिकित्सालय में लोगों की परेशानी के लिए डॉक्टर, फार्मसिस्ट, वार्ड ब्वाय, स्वीपर की टीम को प्रत्येक शिफ्ट में तैनात किया गया है, लेकिन मंगलवार को दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे की शिफ्ट में जब दोपहर 1.45 बजे अमृत विचार की टीम पहुंची तब अस्पताल में फार्मसिस्ट आए हुए मरीजों को दवाई दे रहे थे। पड़ताल करने पर फार्मसिस्ट राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि वह और चौकीदार संयम राय सुबह की शिफ्ट की ड्यूटी दोपहर 1 बजे पूरी होने के बाद भी दूसरी शिफ्ट के कर्मचारी के न आने के बाद कर रहे हैं। दोपहर की शिफ्ट में तैनात कर्मचारियों में वार्ड ब्वाय सुंन्दर लाल ही पहुंचे थे, जबकि चिकित्सा अधिकारी डा. राधा शर्मा और फार्मसिस्ट आफताब आलम ड्यूटी पर नहीं पहुंच पाए थे।
ट्रालियों को आता देख खुश हो रहे दुकानदार
कल्पवासियों के पहुंचने से शाम को मेला में काफी रौनक दिखाई देने लगी। श्रद्धालुओं की भीड़ देखकर तीन से दिन से दुकानें सजाए बैठे दुकानदारों के चेहरे खिलते हुए दिखाई दिए। मेले में झूलों का काम आखिरी स्टेज में पहुंच गया है। मुरादाबाद के रहने वाले रिजवान ने बताया कि झूलों को लगाते विशेष ध्यान रखा जाता है। झूले लग चुके हैं और इनके नट-बोल्ट दोबारा चेक किए जा रहे हैं। चेकिंग होने बाद सीटें लगाई जाएंगी। मीना बाजार में भी शाम को काफी चहल-पहल दिखाई दी। दुकानदारों ने बताया कि आज तो लोग घूमने आ रहे हैं, बुधवार को जमकर खरीदारी होने की उम्मीद है। मेले में फर्नीचर की काफी दुकानें सज गई हैं। वह कारीगरों के साथ मिलकर तख्त, जाली वाली अलमारी, चारपाई सहित कई चीजें तैयार कर रहे हैं।
