Bareilly: टिसुआ रेलवे स्टेशन पर खड़े इंजन से तेल चोरी...वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप
बरेली, अमृत विचार। रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए चोरों ने टिसुआ स्टेशन पर खड़े इंजन से तेल चोरी कर लिया। वारदात का पता तब चला जब चालक ने अगली ड्यूटी के दौरान तेल की मात्रा कम पाई और इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों को दी। वहीं घटना से जुड़ा वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मचा है।
सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के इलाकों में छानबीन शुरू की। बताया जा रहा है कि चोरों ने इंजन की टंकी का वाल्व खोलकर तेल निकाला। वहीं मंगलवार सुबह 4 बजे बिशारतगंज स्टेशन भी चोरों ने इसी तरह की वारदात करने की कोशिश की, हालांकि इस बार रेलवे स्टाफ की सतर्कता के चलते चोरी बच गई। स्टाफ ने जैसे ही संदिग्ध लोगों की हलचल देखी तो शोर मचा दिया और चोर भाग गए।
बरेली जंक्शन आरपीएफ इंस्पेक्टर विनीता कुमारी ने बताया कि दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और आसपास के इलाकों में सक्रिय संदिग्ध गिरोहों पर नजर रखी जा रही है। शुरुआती जांच में दोनों वारदातों के पीछे एक ही गिरोह होने की आशंका जताई जा रही है। स्टेशनों पर रात के समय अतिरिक्त गश्त लगाने और कर्मचारियों को सतर्क रहने को कहा गया है।
