हरदोई : कोबरा के फन को युवक ने चबा डाला, सांप की मौत
हरदोई, अमृत विचार । हरदोई जिले के एक युवक ने कोबरा सांप का फन चबाकर काट डाला है,जिससे कोबरा की मौत हो गई है। हालांकि युवक के घर वालों को जब इस पूरे मामले की जानकारी हुई, तो उन्होंने तत्काल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज किया और वह पूरी तरह स्वस्थ है। युवक द्वारा सांप का फन काटने की यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।
दरअसल, पूरा मामला जनपद हरदोई के भड़ायल गांव का बताया जा रहा है। गांव का युवक पुनीत अपने धान के खेतों में गया था, जहां पर मौजूद एक सांप उसके पैर में लिपट गया। युवक के मुताबिक सांप काले रंग का था, देखने में वह कोबरा लग रहा था, सांप ने उसे काटा, जिससे उसे गुस्सा आ गया और उसने सांप के फन को ही दांतों से काट डाला, फन कटते ही सांप की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं जब युवक के परिजनों को इस पूरी घटना की जानकारी हुई तो वह आनन-फानन में युवक को लेकर हरदोई मेडिकल कॉलेज पहुंचे,जहां पर चिकित्सकों ने युवक को रात भर भर्ती रखा, जिससे उसके स्वास्थ्य की निगरानी हो सके और सुबह छुट्टी दे दी।
यह भी पढ़े : IND vs AUS 4th T20 : भारत ने चौथे टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को 48 रन से हराया, श्रृंखला में 2-1 की बनाई बढ़त
