कानपुर : महापौर ने चलाई हथौड़ी तो एक इंच ही मिला पैचवर्क, PWD के अधिकारी को लगाई फटकार, कहा- सरकार को बेच दे रहे हो

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। अभी मैं, मुख्यमंत्री के पास जाकर बैठ जाऊंगी। तुम्हारा दिमाग खराब है। पूरी हमारी सरकार को बेचे दे रहे हो। बदनाम करे हो। तुरंत मौके पर आओ…पूरी सड़क दो दिन में कैसे खराब हो गई। चप्पल से उखड़ी जा रही है। गुरुवार को फोन पर यह कहते हुए महापौर प्रमिला पांडेय पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर पर भड़क उठीं।

इस दौरान उन्होंने पैचवर्क के ऊपर हथोड़ी चलाई तो महज एक इंच ही बजरी और डामर का बेस मिला। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अधिकारियों की शिकायत करूंगी।संगीत टॉकीज से चन्द्रिका देवी चौराहे के बीच पीडब्ल्यूडी ने दो दिन पहले ही पैचवर्क किया था।

महापौर ने बताया कि इधर से निकल रही थी तो क्षेत्रीय लोगों ने मेरी गाड़ी रोककर बताया कि मैडम यह सड़क परसो बनी और देखिए उखड़ रही है। इसपर मौके के पर उपस्थित अधिशाषी अभियन्ता आरके तिवारी ने महापौर को बताया कि सड़क लोक निर्माण विभाग की है। 

मौके पर ही लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियन्ता से दूरभाष पर बात की और निर्देश दिये कि लोक निर्माण विभाग के कार्य के कारण बदनामी हो रही है  एवं जनता को परेशानी हो रही है, जिससे दुर्घटना की भी आशंका है।  सड़क का पैचवर्क उखड़कर बजरी फैल रही है। सड़क मानक के अनुरूप नहीं बनाया गया है। महापौर सख्त हुईं तो फोन पर ही अधिशाषी अभियंता ने कहा कि तत्काल ही सड़क ठीक करा रहे हैं।

रामादेवी से नारामऊ तक हालत खराब

महापौर प्रमिला पांडेय ने बताया कि नारामऊ से रामादेवी तक सड़क खराब है। पीडब्ल्यूडी ने घटिया पैचवर्क किया है। इससे कुछ ही दिनों में यह उखड़ा जा रहा है। इसकी लिखित रूप से मुख्यमंत्री से शिकायत करूंगी। सड़क में किए पैचवर्क की क्वालिटी की जांच आईआई से कराउंगी। उन्होंने कहा कि घटिया काम चाहे नगर निगम करे या पीडब्ल्यूडी शहर में नाम महापौर और उनकी सरकार का बदनाम अधिकारी कर रहे हैं। 

पीडब्ल्यूडी के नियम के तहत 6 इंच का पैचवर्क कराना होता है। लेकिन, जब वहां खोदा गया तो महज 1 इंच ही बजरी मिली। इसकी जांच होगी जो भी दोषी है कार्रवाई होगी... प्रमिला पांडेय, महापौर, कानपुर नगर निगम।

संबंधित समाचार