नोएडा : बुजुर्ग की मौत के मामले में अस्पताल के कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नोएडा। थाना दनकौर क्षेत्र में स्थित निम्स अस्पताल में एक बुजुर्ग व्यक्ति की गिरकर हुई मौत के मामले में उसके बेटे ने अस्पताल के कर्मचारियों के खिलाफ लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को मामला दर्ज कराया। थाना दनकौर के प्रभारी निरीक्षक मुनेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शकील पुत्र शाहिद ने आज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई कि 31 अक्टूबर को कस्बा जेवर में निम्स अस्पताल द्वारा एक कैंप लगाया गया था जहां उसने अपने पिता शाहिद (85 वर्ष) व अपनी मां चमन को दिखाया।

शकील ने कहा है कि डॉक्टर के कहने पर उसने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिकी में शकील ने आरोप लगाया है कि चार नवंबर को उसके पिता वार्ड से गायब हो गए और उसकी मम्मी के अलावा वहां उपचार करा रहे अन्य लोगों ने उसे यह सूचना दी। शकील का कहना है कि जब वह अस्पताल पहुंचा तो उसके पिता नहीं मिले। इसके बाद उसने पांच नवंबर को थाना दनकौर में अपने पिता की गुमशुदगी को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई जिसके बाद पुलिस उसके पिता की तलाश कर रही थी।

शकील का आरोप है कि छह नवंबर की शाम जब वह अपने पिता को अस्पताल में ढूंढ़ रहा था, तभी उसने वार्ड के बाथरूम से नीचे झांक कर देखा तो बेसमेंट में एक व्यक्ति का शव पड़ा दिखाई दिया। शकील के मुताबिक, जब उसने नीचे जाकर देखा तो पता चला कि वह उसके पिता का शव है जिसके सिर में काफी चोट के निशान थे।

पीड़ित का आरोप है कि निम्स अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की लापरवाही के चलते यह घटना हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में निम्स अस्पताल के कर्मचारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

संबंधित समाचार