मुरादाबाद : आरटीआई का गंभीरतापूर्वक कराएं पालन जनसूचना अधिकारी
आवेदन पत्र का निर्धारित 30 दिन के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारण हो सुनिश्चित
मुरादाबाद, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के सूचना आयुक्त मोहम्मद नदीम ने गुरुवार को डीएम अनुज सिंह, सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में सूचना का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत नामित जिले के जन सूचना अधिकारियों और प्रथम अपीलीय अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आरटीआई(जन सूचना अधिकार) का गंभीरता से पालन सुनिश्चित कराएं।
उन्होंने नगर निगम, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, स्वास्थ्य विभाग और पंचायती राज विभाग के साथ-साथ खंड विकास अधिकारी बिलारी, खंड विकास अधिकारी कुंदरकी और तहसीलदार सदर कार्यालय में लंबित आवेदन पत्रों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। निर्देशित दिया कि जन सूचना अधिकारी प्रत्येक आवेदन पत्र का निर्धारित 30 दिन के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा सूचना का अधिकार के अंतर्गत नियमों का पालन करने में लापरवाही बरती जा रही है। जिसके चलते 780 प्रकरणों में जन सूचना अधिकारियों को दंडित करते हुए उनसे जुर्माना की धनराशि वसूलने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरटीआई को लेकर अधिकारियों को गंभीरता बरतनी होगी और आवेदक को स्पष्ट और समय से सूचना उपलब्ध कराने में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ममता मालवीय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह के अलावा अन्य विभागों के जन सूचना अधिकारी व प्रथम अपीलीय अधिकारी आदि मौजूद रहे।अधिकारियों को संपूर्ण जानकारी रखने और गंभीरता से पालन कराने का निर्देश दिया।
मासिक बैठकों में लंबित प्रकरणों की होगी मॉनिटरिंग
राज्य सूचना आयुक्त ने डीएम से कहा कि विभिन्न विभागीय कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग के लिए आयोजित मासिक बैठकों के दौरान आरटीआई के मामलों के निस्तारण की भी समीक्षा की जाए। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने कार्यालय में अभिलेखों को दुरुस्त कराएं और आरटीआई के प्रावधानों के अनुरूप सूचनाओं को प्रदान करने में कोई लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि मासिक बैठकों में भी लंबित प्रकरणों की मॉनिटरिंग की जाएगी।
