मुरादाबाद : प्रेम कहानी में बाधा बनने के चलते कर दी प्रेमिका के भाई की हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

नेकपाल हत्याकांड का आरोपी मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार, छह घंटे में पुलिस ने दबोचा हत्यारोपी

मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना पुलिस ने बुधवार रात हुए नेकपाल हत्याकांड के मामले में गुरुवार सुबह मुठभेड़ में मुख्य आरोपी अमन को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोली लगने से घायल होने के बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि उसका जीजा राजा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार मझोला थाने के प्रीतम नगर एकता कॉलोनी निवासी फर्म कर्मी नेकपाल(23) की हत्या बुधवार रात उसके पड़ोसी अमन और उसके जीजा राजा ने प्रेम प्रसंग के विवाद में कर दी। बताया गया कि नेकपाल की बहन और आरोपी अमन के बीच प्रेम संबंध थे, जिसका वह विरोध करता था। इसी रंजिश में बुधवार रात अमन और राजा ने नेकपाल को गोली मार दी। घटना के बाद दोनों आरोपी तमंचे लहराते हुए मौके से फरार हो गए, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर कई टीमों का गठन किया। गुरुवार सुबह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्याकांड के आरोपी खदाना रोड पर बाइक से जा रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अमन के पैर में गोली लगी, जबकि राजा भाग निकला। मौके से एक तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद हुई है। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रेम संबंधों में बाधा बनने के कारण नेकपाल की हत्या की गई थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घटना के महज 6 घंटे बाद ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। - कुमार रणविजय सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर।

संबंधित समाचार