तीरंदाजी प्रतिभाओं को दी जाएगी हर संभव सुविधा : अवनीश अवस्थी
43 जिलों के तीरंदाजों ने साधा निशाना, प्रतियोगिता का शुभारंभ
बाराबंकी, अमृत विचार। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में शुक्रवार सुबह 10वीं सब जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने किया। विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
मुख्य अतिथि अवनीश अवस्थी ने कहा कि तीरंदाजी जैसे खेलों में बच्चों की प्रतिभा निखारने के लिए हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
इस प्रतियोगिता में 43 जिलों के 264 बालक और 128 बालिका खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। शुक्रवार को इंडियन राउंड की प्रतियोगिता 30 और 20 मीटर दूरी से कराई गई। दोपहर बाद उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम शकल ने पहुंचकर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।
इस अवसर पर प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक वेद कुमार, बलराम कृष्ण यादव, संयुक्त सचिव योगेंद्र सिंह राणा, मंडलीय खेल अधिकारी राजेश सोनकर, जिला क्रीड़ा अधिकारी हरपाल सिंह, कोषाध्यक्ष अश्वनी वर्मा, तथा संघ से जुड़े बाबूराम सिंह, सुनील यादव, जितेंद्र पटेल, पवन वर्मा, पंकज पांडे, विवेक सिंह और आशुतोष वर्मा भी उपस्थित रहे।
