लखनऊ एयरपोर्ट पर 45 से अधिक उड़ानें प्रभावित: टर्मिनल पर फंसे रहे सैकड़ों यात्री, नाराज यात्रियों ने किया हंगामा
लखनऊ, अमृत विचार: दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (एटीसी) में आई तकनीकी गड़बड़ी की वजह से शुक्रवार को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट एयरपोर्ट पर 45 से अधिक उड़ानें प्रभावित हुईं। सैकड़ों यात्री टर्मिनल पर फंसे रहे। कई विमान रनवे और एप्रन पर खड़े रहे, वहीं नाराज यात्रियों ने हंगामा किया। गुरुवार रात शुरू हुई गड़बड़ी शुक्रवार सुबह तक जारी रही। इसका असर जयपुर, अमृतसर, पटना, अहमदाबाद और जम्मू रूट की उड़ानों पर भी पड़ा।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक दिल्ली से सुबह 6:35 बजे आने वाला इंडिगो एयरलाइंस का विमान 6ई 6350 करीब 1 घंटा देरी से 7:34 बजे लखनऊ पहुंचा। इसी तरह दिल्ली से सुबह 7:10 बजे लखनऊ पहुंचने वाला एयर इंडिया का विमान एआई 2499 सुबह 9:15 बजे लखनऊ उतर सका।
दिल्ली से सुबह 9:20 बजे पहुंचने वाला इंडिगो एयरलाइंस का विमान 6ई 2107 दोपहर 11:25 बजे और एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान आईएक्स 1058 दोपहर 1:05 के बजाए 1:42 बजे लखनऊ में उतरा। लखनऊ से सुबह 8 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का विमान एआई 2100 सुबह 10:35 बजे और सुबह 10:05 बजे दिल्ली जाने वाला इंडिगो का विमान 6ई 6737दोपहर 12:35 बजे रवाना हो सका।
