कानपुर : उद्योग की समस्याएं सुधारेंगे एचबीटीयू के छात्र, 15 नवंबर के बाद से शुरू होगा शोध भ्रमण, लेंगे सुझाव
शहर में नई लगी युनिट्स में जाकर समझेंगे मशीनों की चुनौतियां
कानपुर, अमृत विचार। शहर में नई लगी फूड सेक्टर की युनिट्स में जाकर एचबीटीयू के युवा वहां की चुनौतियों को समझेंगे। शोध भ्रमण के दौरान वे उद्यमियों के साथ बातचीत कर मशीनरी को और अधिक बेहतर करने के तरीकें भी तलाशेंगे। इसके अलावा युवा उद्योग को और आगे बढ़ाने के लिए उद्यमियों से कारोबार के टिप्स भी लेंगे। यह अभियान 15 नवंबर के बाद से शुरू हो जाएगा।
शहर में हाल ही में फूड सेक्टर की 23 युनिट्स की शुरुआत हुई है। पिछले महीनें इन युनिट्स का संचालन देखने के लिए उपर मुख्य सचिव उद्यान एवं खाद्य बीएन मीणा भी शहर आएं थे। शहर आगमन के दौरान उन्होंने एचबीटीयू के शोध छात्रों के साथ संवाद भी किया था। संवाद के दौरान ही उन्होंने छात्रों को इस बाबत सुझाव भी दिया था। उनके सुझाव पर अब विश्वविद्यालय की ओर से छात्रों के औद्योगिक भ्रमण की तिथियों को जारी कर दिया गया है।
खास बात यह है कि नई स्थापित फूड सेक्टर की युनिट्स पर शोध कर उनकी चुनौतियों को स्टार्टअप के जरिए दूर करने का प्रयास करेंगे। स्टार्टअप पर कार्य करने के लिए विश्वविद्यालय में विशेषज्ञों को भी छात्रों के संपर्क में लाया जा रहा है। शहर के उद्यमी भी इसी प्रक्रिया के तहत छात्रों के संपर्क में आएंगे। पूरे मामले पर योजना के नोडल अधिकारी अलख कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय के युवाओं को इस सुविधा से दो तरह से लाभ होगा।
जूनियर छात्र यूनिट्स में जाकर पढ़ाई के दौरान सीखी गई पाठ्य सामग्री का प्रयोगात्म स्वरूप सीखेंगे। इसी तरह सीनियर छात्र युनिट्स की चुनौतियों का हल निकालेंगे। इसी तरह से सभी तरह के छात्रों को इससे लाभ हासिल होगा।
23 युनिट स्थापित
शहर में फूड प्रोसिसिंग सेक्टर में तेजी से इजाफा हो रहा है। खास बात यह है कि पिछले एक साल में 23 नई युनिट स्थापित हो चुकी है। बाजार में इस सेक्टर की बढ़ती मांग के चलते कई युनिट ने अपना विस्तार भी किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि बाजार में कृषि उत्पादों की मांग में आई तेजी के चलते अगले एक साल में इन युनिट्स की संख्या में तेजी से इजाफा होकर दोगुनी तक पहुंच सकती है।
1139 युनिट पहले से स्थापित
शहर में इससे पहले 1139 युनिट्स पहले से ही स्थापित है। एक साल में इतनी तेजी से इन युनिट्स का ग्रोथ होना नए सेक्टर में बाजार तलाश की एक वजह भी है। निर्यात विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा वैश्विक बाजार में जापान, ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस, इटली में काफी अधिक है।
युवा उद्यमी बढ़े
इस सेक्टर में युवा उद्यमियों ने तेजी से रुझान दिखाया है। हाल ही शुरू हुई युनिट्स को संचालित करने वाले 70 फीसदी युवा है। ऐसे में बाजार विशेषज्ञ मान रहे हैं कि युवा इस सेक्टर को समझ शहर के पारंपरिक बाजार के समक्ष एक नया सेक्टर खड़ा कर रहे हैं। ऐसे में अबले साल में भी युवा उद्यमी तेजी से इस सेक्टर की युनिट्स के लिए आवेदन कर चुके हैं।
